Tue. Jun 2nd, 2026

बाबर आजम को ICC ने दिया झटका! श्रीलंका के खिलाफ की इस हरकत पर लगाया भारी जुर्माना

आईसीसी ने पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम को बड़ा झटका देते हुए मैच फीस का 10% जुर्माना लगाया है। साथ ही उन्हें एक डिमैरिट पॉइंट भी दिया गया है। दरअसल बाबर आजम ने लेवल-1 आचार संहिता का उल्लंघन किया था। पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेले गए मुकाबले में बाबर आजम ने आउट होने के बाद स्टंप पर बैट मारा था, जिसके चलते आईसीसी ने यह जुर्माना लगाया है। 16 नवंबर को खेले गए मुकाबले में बाबर आजम ने गुस्से में बैट स्टंप पर मारा था।

बाबर आजम ने इस मुकाबले में 34 रन बनाए थे, वहीं श्रीलंका के जैफरी वेंडरसे ने बाबर आजम को क्लीन बोल्ड किया था। बाबर आजम अच्छे फॉर्म में नजर आ रहे थे। इसके पिछले मुकाबले में ही बाबर आजम ने शानदार शतक जड़ा था। वहीं बाबर आजम 34 रन के स्कोर पर आउट होने के बाद पूरी तरह गुस्सा हुए और अपना बैट स्टंप पर दे मारा।

जानिए क्या है आईसीसी का यह नियम?

दरअसल यह घटना पाकिस्तान की पारी के 21वें ओवर की थी। 21वें ओवर की तीसरी गेंद पर बाबर आजम बोल्ड हो गए थे। बाबर ने खराब शॉट खेला और गेंद सीधा स्टंप पर जाकर लग गई। इसके बाद उन्होंने बैट स्टंप को मारा जो कि आईसीसी कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.2 का उल्लंघन है। इस नियम के मुताबिक अगर कोई भी खिलाड़ी मैच के दौरान आईसीसी के क्रिकेट उपकरण या कपड़ों, मैदानी उपकरणों या खेल के दौरान इस्तेमाल होने वाली किसी भी चीज का अनादर करता है तो उस पर जुर्माना लगाया जाता है। वहीं बाबर आजम ने अपराध को स्वीकार भी कर लिया, इसलिए किसी भी ऑफिशियल सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।

डिमैरिट पॉइंट का नियम समझें

बता दें कि बाबर आजम को डिमैरिट पॉइंट भी जोड़ा गया है। कोड ऑफ कंडक्ट के नियमों के मुताबिक लेवल-1 और लेवल-2 के उल्लंघन पर 1 से 2 डिमैरिट पॉइंट के साथ 0 से 50% मैच फीस का जुर्माना भी लगाया जाता है। जबकि अगर लेवल-3 का उल्लंघन होता है तो 6 टेस्ट और 12 ओडीआई का सस्पेंशन भी दिया जाता है। हालांकि बाबर आजम पर फिलहाल एक डिमैरिट पॉइंट का ही जुर्माना लगाया गया है। अगर किसी खिलाड़ी को 24 महीने के भीतर चार या अधिक डिमैरिट पॉइंट दिए जाते हैं तो वे सस्पेंशन पॉइंट में बदल जाते हैं, जिसके चलते खिलाड़ी पर प्रतिबंध लगाया जाता है। खिलाड़ी को एक टेस्ट, दो वनडे या फिर दो टी20 मैचों से बैन किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed