Fri. Apr 24th, 2026

रीवा को बड़ी सौगात, रायपुर हवाई सेवा की शुरुआत

रीवा, मध्य प्रदेश  विंध्य क्षेत्र के लिए आज का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ, जब Rewa Airport से सीधे रायपुर छत्तीसगढ़ के लिए नई हवाई सेवा की शुरुआत हो गई। पहली फ्लाइट ने मंगलवार को रीवा एयरपोर्ट से उड़ान भरकर विंध्य को छत्तीसगढ़ से सीधे जोड़ दिया। इस नई हवाई कनेक्टिविटी से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। दरअसल विंध्य और रीवा क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में नौकरी और व्यवसाय के सिलसिले में रहते हैं। अब तक उन्हें रेल मार्ग से करीब 14 से 15 घंटे की लंबी यात्रा करनी पड़ती थी, लेकिन इस हवाई सेवा के शुरू होने के बाद वही सफर महज लगभग एक घंटे में पूरा हो सकेगा।

नई हवाई सेवा से विंध्य क्षेत्र के व्यापार, पर्यटन और आवागमन को भी बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। क्षेत्र के लोगों में इस नई कनेक्टिविटी को लेकर खासा उत्साह देखा गया। पहली उड़ान के यात्रियों और स्थानीय लोगों ने इसे विंध्य और रीवा के लिए बड़ी सौगात बताया। आपको बता दें कि पिछले कुछ सालों में हवाई सेवाओं में मध्यप्रदेश विकास की ओर अग्रसर है। कई नए शहरों में हवाई सेवाओं का विस्तार किया गया है। रीवा भी उन्हीं में से एक है।

इस सेवा का शुभारंभ केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने वर्चुअल माध्यम से किया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला भी उपस्थित रहे। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने इस ऐतिहासिक अवसर पर पहली उड़ान में यात्री के रूप में भी सफर किया। नई हवाई सेवा शुरू होने से विंध्य क्षेत्र के लोगों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का नया विकल्प मिल गया है, जिससे क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *