Sun. Jun 14th, 2026

मध्य प्रदेश मौसम पर ताजा अपडेट, 30 मार्च तक बादल-बारिश का अलर्ट, आज 7 जिलों में बारिश-आंधी के आसार

पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से आज से अगले तीन दिन तक मध्य प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। 30 मार्च तक भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग के करीब 2 दर्जन जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। शुक्रवार को 7 जिलों में बादल छाने के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है। गुरुवार (26 मार्च 2026) को प्रदेश में मौसम शुष्क व साफ रहा। नर्मदापुरम में तापमान 41.6 °C पर पहुंच गया। रतलाम में 39.6 °C रहा। गुना, धार, रायसेन, मंडला, खरगोन, शाजापुर, खंडवा, टीकमगढ़,खजुराहो 38 °C के आसपास दर्ज हुआ।

आज इन जिलों में बारिश का अलर्ट  

शुक्रवार को ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में बारिश होने की संभाना जताई गई है। इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी भी चल सकती है। भोपाल और आसपास के क्षेत्रों में हल्की हवा 12 से 14 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है। अधिकतम तापमान करीब 37 °C और न्यूनतम तापमान लगभग 18 °C रह सकता है।

28 मार्च को सक्रिय होगा नया वेदर सिस्टम 

मौसम विज्ञान केन्द्र, भोपाल की दैनिक रिपोर्ट के मुताबिक, वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। उत्तर-पूर्व भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊंचाई लगभग 185 किमी/घंटा की गति से पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएँ बह रही हैं। एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ 28 मार्च 2026 की रात से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है, इसके असर से 27 से 30 मार्च के बीच भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग में मौसम बदला रहेगा।

अप्रैल में गर्मी दिखाएगी अपने तेवर

अप्रैल-मई से गर्मी बढ़ने का अनुमान है। खास करके ग्वालियर-चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना जताई गई है। यहां तापमान 40°C से 45 °C तक पहुंचने की संभावना है। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में भी गर्मी के तेवर सख्त देखने को मिल सकते हैं। नीमच, मंदसौर, विदिशा, सागर, सीधी, सिंगरौली में भी गर्मी अपना असर दिखाएगी। बुंदेलखंड और पूर्वी मध्यप्रदेश (विंध्य क्षेत्र) में हीट वेव चलने की आशंका जताई गई है।

5 बड़े शहरों अधिकतम तापमान

  • भोपाल में 37.4°C
  • इंदौर में 37.2°C
  • जबलपुर में 37.5°C
  • ग्वालियर में 36.8°C
  • उज्जैन में 37.7°C

5 बड़े शहरों का न्यूनतम तापमान

  • भोपाल में 17.8°C
  • इंदौर में 18.8°C
  • जबलपुर में 19.0°C
  • ग्वालियर में 18.3°C
  • उज्जैन में 17.8°C

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *