102 साल पुराने कमला नेहरू अस्पताल को IGMC शिफ्ट करने के फैसले पर बवाल, बीजेपी और महिला समिति का विरोध
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में 102 साल पुराने कमला नेहरू मातृ-शिशु अस्पताल को इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) में शिफ्ट करने के सुक्खू सरकार के फैसले पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। इस फैसले के खिलाफ अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति और विपक्षी दल बीजेपी ने विरोध शुरू कर दिया है। विरोध करने वालों का कहना है कि इससे स्वास्थ्य सेवाएं महंगी हो जाएंगी और महिलाओं व बच्चों के लिए बनी एक पुरानी और महत्वपूर्ण सुविधा खत्म हो जाएगी।
कमला नेहरू अस्पताल हिमाचल प्रदेश का इकलौता मातृ-शिशु अस्पताल माना जाता है। जैसे ही इसे IGMC में शिफ्ट करने की खबर सामने आई, लोगों में नाराजगी बढ़ गई। अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति ने अस्पताल के बाहर धरना-प्रदर्शन किया और सरकार के फैसले को महिला विरोधी बताया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने चेतावनी दी कि अगर यह फैसला वापस नहीं लिया गया तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे। उनका कहना है कि यह अस्पताल स्वतंत्रता सेनानी कमला नेहरू के नाम पर है और इसे शिफ्ट करना उनकी विरासत का अपमान है।
