Thu. Apr 23rd, 2026

गेहूं खरीद व्यवस्था पर मंत्री का एक्शन, टोकन बढ़ाने और उठाव तेज करने के निर्देश,रेलवे रैक से होगा अनाज परिवहन

ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कोटा संभाग में गेहूं खरीद व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने राजफेड और एफसीआई के माध्यम से चल रही खरीद प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए।

मंत्री ने बताया कि उन्होंने हाल ही में कई खरीद केंद्रों का निरीक्षण किया, जहां किसानों से सीधी बातचीत में टोकन की कमी और फसल के धीमे उठाव की समस्या सामने आई। कम टोकन जारी होने के कारण किसानों को अपनी फसल तुलवाने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्रों से गेहूं का उठाव तेज किया जाए, ताकि टोकन जारी करने की प्रक्रिया भी बढ़ सके। इसके लिए ट्रांसपोर्टेशन बढ़ाने और मजदूरों की संख्या में इजाफा करने पर जोर दिया गया है। साथ ही रेलवे रैक के जरिए अनाज परिवहन की योजना भी बनाई जा रही है। प्रस्ताव है कि कोटा, बारां और बूंदी में बारी-बारी से रैक लगाए जाएं, जिससे मंडियों और खरीद केंद्रों पर जमा स्टॉक जल्दी कम हो सके।

मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा गुणवत्ता मानकों में दी गई रियायत के बाद अब किसानों का अधिकतर गेहूं सैंपल पास हो रहा है और रिजेक्शन की शिकायतें भी कम हुई हैं। हालांकि खरीद की गति अभी भी धीमी है, जिसे सुधारने के प्रयास जारी हैं।

अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि अगले एक-दो दिनों में व्यवस्थाएं बेहतर होंगी। इसके बाद ज्यादा टोकन जारी होंगे और किसानों की फसल की तुलाई तेजी से हो सकेगी, जिससे उन्हें राहत मिलेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *