दिल्ली मेयर चुनावः बीजेपी ने की महापौर और उप-महापौर पद के लिए उम्मीदवारों की घोषणा, निर्विरोध चुना जाना तय
नई दिल्ली दिल्ली में होने वाले मेयर चुनाव के लिए बीजेपी ने अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। प्रवेश वाही को बीजेपी ने महापौर पद के लिए उम्मीदवार बनाया है, जबकि उप-महापौर पद के लिए मोनिका पंत के नाम का ऐलान किया गया है। स्थायी समिति के लिए भी उम्मीदवारों की घोषणा कर दी गई है। प्रवेश वाही रोहिणी ई वार्ड नंबर 53 से पार्षद हैं। जबकि मोनिका पंत आनंद विहार के वार्ड नंबर 206 से पार्षद हैं
स्थायी समिति के लिए इन्हें मिला टिकट
स्थायी समिति के सदस्य और नेता सदन के लिए जय भगवान यादव के नाम पर सहमति बनी है। स्थायी समिति के सदस्य के लिए मनीष चड्ढा के नाम का ऐलान किया गया है। जय भगवान बेगमपुर तो मनीष पहाड़गंज से पार्षद हैं। ये सभी उम्मीदवार आज ही अपना नामांकन दाखिल करेंगे। आज नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन है।
आम आदमी पार्टी नहीं लड़ेगी मेयर चुनाव
बीजेपी के सभी उम्मीदवारों का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय है। दरअसल, आम आदमी पार्टी (AAP) ने बुधवार को घोषणा की कि वह दिल्ली नगर निगम (MCD) के मेयर चुनावों में हिस्सा नहीं लेगी। पार्टी ने कहा कि इस कदम का मकसद भारतीय जनता पार्टी (BJP) को दिल्ली पर शासन करने और पूरी तरह से जवाबदेह बनने का “एक और मौका” देना है।
सौरभ भारद्वाज ने चुनाव न लड़ने की वजह बताई
दिल्ली AAP के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पार्टी विपक्ष में बैठेगी और BJP के उस “चार-इंजन” वाले शासन मॉडल की पोल खोलेगी। उन्होंने दोहराया कि AAP ने पिछले साल भी ऐसा ही फैसला लिया था, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि BJP नागरिक मुद्दों के लिए किसी और पर दोष न मढ़ सके। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार, L-G का दफ़्तर और MCD जैसे शासन के कई अंगों पर नियंत्रण होने के बावजूद, बीजेपी दिल्ली की समस्याएं दूर करने में नाकाम रही है।
AAP नेता ने आरोप लगाया कि नागरिक समस्याएं कई विभागों में बनी हुई हैं, जिनमें लोक निर्माण विभाग, बाढ़ नियंत्रण विभाग और MCD शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पिछले साल इन सभी विभागों में बड़े पैमाने पर नाकामी देखने को मिली थी।
