Mon. May 11th, 2026

बांस के पेड़ पर ‘लाल पोटली’ में टंगा मिला बच्चे का नरकंकाल, कुछ समय पहले हुई थी मौत

मध्य प्रदेश के सीधी जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। भुईमाड़ थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया में एक मासूम बच्चे का नरकंकाल लाल कपड़े की पोटली में बंधा हुआ मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना को लेकर ग्रामीणों में तंत्र-मंत्र और जादू-टोने की चर्चाएं तेज हो गई हैं, जबकि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।ग्रामीण सत्य प्रकाश बैगा ने बताया कि रविवार सुबह गांव के कुछ लोगों की नजर बांस के पेड़ पर टंगी लाल रंग की पोटली पर पड़ी। पोटली संदिग्ध लगने पर जब ग्रामीणों ने पास जाकर देखा तो उसके भीतर छोटे बच्चे का नरकंकाल दिखाई दिया। यह दृश्य देखते ही पूरे गांव में भय और हड़कंप का माहौल बन गया। कुछ ही देर में मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए।

कब्र से शव गायब होने की आशंका

सत्य प्रकाश बैगा के अनुसार, गांव में चर्चा है कि यह नरकंकाल संभवतः उसी मासूम बच्चे का हो सकता है, जिसकी कुछ समय पूर्व मौत हुई थी और परिजनों द्वारा गांव में ही उसे दफनाया गया था। जब ग्रामीण उस स्थान पर पहुंचे, जहां बच्चे को दफनाया गया था, वहां खुदाई के निशान और गड्ढा मिला। इसके बाद लोगों में आशंका गहरा गई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने शव को कब्र से निकालकर तंत्र-मंत्र या जादू-टोने जैसी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया, ये हो सकता है।

घटना की सूचना मिलते ही भुईमाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इस दौरान खम्हरिया निवासी रायभान सिंह ने पुलिस को बताया कि उक्त पोटली किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनके घर में रख दी गई थी। परिवार को जब इसकी जानकारी हुई, तो भय के चलते उन्होंने पोटली को घर से हटाकर बांस के पेड़ पर रख दिया।

दफनस्थल पर खुदाई के निशान मिले

भुईमाड़ थाना प्रभारी डी.डी. सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में दफनस्थल पर खुदाई के निशान मिले हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और तथ्य सामने आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों की जल्द पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed