NEET परीक्षार्थियों के लिए बिहार में मुफ्त में चलेगी बसें, CM सम्राट चौधरी का ऐलान
NEET पेपर लीक मामले के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से दोबारा परीक्षा करवाए जाने का ऐलान कर दिया गया है। परीक्षा कैंसिल होने की वजह से एग्जाम देने वाले लाखों छात्र मायूस हो गए थे लेकिन छात्रों को भविष्य को देखते हुए एजेंसी ने परीक्षा की नई तारीख का ऐलान किया।
देशभर में अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर 21 जून 2026 को नीट यूजी परीक्षा का आयोजन करवाया जाने वाला है। इसी को देखते हुए बिहार सरकार ने परीक्षार्थियों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर से घोषणा की गई है कि परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की सरकारी बसों में निशुल्क की यात्रा करवाई जाएगी।
NEET अभ्यर्थियों के लिए निशुल्क बस
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को अपने X हैंडल पर एक पोस्ट शेयर करते हुए इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने लिखा NEET में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा को देखते हुए राज्य की सभी सरकारी बसों में उन्हें मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। इसी के साथ उन्होंने जिला प्रशासन, गैर सरकारी संगठनों और मठ मंदिरों से एक खास अपील भी की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और प्रमुख स्थानों पर परीक्षार्थी और उनके अभिभावकों के लिए पेयजल, सत्तू और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए शुभकामनाएं भी दी है।
जारी है सियासी गहमा गहमी
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से परीक्षा की नई तारीख का ऐलान तो कर दिया गया है। लेकिन पेपर लीक मामले को लेकर सियासत लगातार गरमाई हुई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित विपक्ष के नेताओं को केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए देखा जा रहा है। विपक्ष का कहना है की परीक्षा प्रणाली की विशेषता गंभीर सवालों के घेरे में खड़ी हो गई है। इस मामले में बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी का बयान भी सामने आया था। उन्होंने कहा था कि इस मामले में जांच जारी है और राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उनका कहना था कि उन्हें बयान देने की आदत है और उनकी बातों को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है।
