Sat. May 30th, 2026

आज खेला जाएगा IPL 2026 का क्वालिफायर-2, गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स आमने-सामने, बारिश बिगाड़ सकती है खेल

आईपीएल 2026 के फाइनल का टिकट आज दांव पर है। दरअसल क्वालिफायर-2 में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच होने वाले इस महामुकाबले में जीत दर्ज करने वाली टीम सीधे खिताबी भिड़ंत में पहुंचेगी, जबकि हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी। इस अहम मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

दरअसल पंद्रह वर्षीय वैभव ने एलिमिनेटर में हैदराबाद के खिलाफ शानदार 97 रनों की पारी खेली थी, जिसमें उन्होंने 12 छक्के जड़े थे। अब उन्हें सीजन की सबसे मजबूत गुजरात की गेंदबाजी का सामना करना होगा, जिसमें कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, जेसन होल्डर, प्रसिद्ध कृष्णा और राशिद खान जैसे दिग्गज गेंदबाज शामिल हैं। यह चुनौती उनके लिए बड़ी होगी।

मोहम्मद सिराज कर सकते हैं परेशान

9 मई को जयपुर में गुजरात और राजस्थान के बीच हुए पिछले मुकाबले में मोहम्मद सिराज ने शॉर्ट बॉल पर सूर्यवंशी का विकेट चटकाया था। वहीं, वैभव ने रबाडा की गेंदों पर आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 16 गेंदों में 3 छक्कों सहित 36 रन बनाए थे। गुजरात के खिलाफ वैभव का पुराना रिकॉर्ड भी प्रभावशाली रहा है। उन्होंने तीन मैचों में एक शतक की मदद से 233.33 की स्ट्राइक रेट से कुल 168 रन बटोरे हैं, जिसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल हैं। उन्हें मोहम्मद सिराज, राशिद खान और प्रसिद्ध कृष्णा ने एक-एक बार आउट किया है।

शानदार फॉर्म में वैभव सूर्यवंशी

वैभव की हालिया फॉर्म लाजवाब है। पिछली पांच पारियों में वे सिर्फ एक बार सिंगल डिजिट पर आउट हुए हैं। बाकी चार पारियों में उन्होंने दो अर्धशतक जड़े हैं और 250.9 के स्ट्राइक रेट से 276 रन बनाए हैं। दूसरी ओर, गुजरात के पांच गेंदबाजों ने इस सीजन में कम से कम 15 विकेट लिए हैं, जो उनकी गेंदबाजी की गहराई को दर्शाता है।

कैसी रहेगी पिच?

महाराजा यादविंद्र सिंह स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। हालांकि, दो दिन पहले 27 मई को यहां हुए मुकाबले में तेज गेंदबाजों को विशेष मदद मिली थी। उस मैच में गिरे 18 में से 12 विकेट पेसर्स ने हासिल किए थे, जबकि दो बल्लेबाज रनआउट हुए थे। जोफ्रा आर्चर ने अपनी लेंथ और गति के दम पर हैदराबाद के टॉप ऑर्डर को ध्वस्त कर दिया था। हालांकि, वैभव सूर्यवंशी के सामने पैट कमिंस की अगुवाई वाला पेस अटैक बेअसर साबित हुआ था।

हेड-टु-हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें

हेड-टु-हेड रिकॉर्ड में गुजरात टाइटंस का पलड़ा भारी है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 10 मैच खेले गए हैं, जिनमें से 7 मुकाबले गुजरात ने जीते हैं, जबकि राजस्थान को सिर्फ 3 मैचों में जीत मिली है। 2022 में गुजरात ने फाइनल में राजस्थान को पराजित किया था। इस सीजन में दोनों टीमें बराबरी पर रही हैं; गुजरात ने पिछला मैच 77 रन से जीता था, जबकि उससे पहले राजस्थान ने 6 विकेट से विजय दर्ज की थी।

गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी काफी हद तक साई सुदर्शन (652 रन), शुभमन गिल (618 रन) और जोस बटलर (498 रन) पर निर्भर करती है। पिछले मैच में बेंगलुरु के खिलाफ इन टॉप-3 बल्लेबाजों के जल्दी आउट होने के बाद टीम 162 रन पर ऑलआउट हो गई थी। क्वालिफायर-1 में बेंगलुरु के बल्लेबाजों ने गुजरात के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की थी। ऐसे में गुजरात अपने गेंदबाजी और फील्डिंग प्रदर्शन में सुधार करना चाहेगा। कगिसो रबाडा 26 विकेट लेकर टीम के लिए सीजन के दूसरे टॉप विकेट टेकर हैं।

क्या बारिश बिगाड़ेगी खेल?

न्यू चंडीगढ़ में मैच के दिन तापमान 23°C से 37°C तक रहने का अनुमान है, लेकिन इस महत्वपूर्ण मुकाबले पर बारिश का साया मंडरा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मौसम वैज्ञानिक शिवेंद्र सिंह ने बताया कि चंडीगढ़-मोहाली में 60% से 70% बारिश की संभावना है, जो दोपहर बाद हो सकती है। यदि बारिश के कारण मैच में खलल पड़ता है और मुकाबला रद्द होता है, तो राजस्थान रॉयल्स को बड़ा नुकसान होगा। पॉइंट टेबल के आधार पर गुजरात टाइटंस सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी, क्योंकि इस एलिमिनेटर-2 के लिए कोई रिजर्व डे नहीं रखा गया है।

संभावित प्लेइंग-12 राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), डोनोवन फरेरा, दासुन शनाका, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, यश राज पुंजा, बृजेश शर्मा और सुशांत मिश्रा।

संभावित प्लेइंग-12 गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राशिद खान, कुलवंत खेजरोलिया, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और राहुल तेवतिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed