Fri. Jun 12th, 2026

​MPPGCL ने जारी किए 61 संयंत्र सहायक प्रशिक्षुओं के नियुक्ति पत्र, फरवरी में हुई थी परीक्षा, ऊर्जा मंत्री ने दी बधाई

मध्यप्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड (MPPGCL) ने अपनी कार्यक्षमता को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा युवाओं को रोज़गार के अवसर प्रदान करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने दस्तावेज़ सत्यापन की प्रक्रिया सफ़लतापूर्वक पूरी होने के बाद कुल 61 चयनित अभ्यर्थियों को संयंत्र सहायक (प्रशिक्षु) के पद पर नियुक्ति प्रस्ताव पत्र जारी कर दिए हैं।

सभी चयनित उम्मीदवार अपने नियुक्ति पत्र कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट https://www.mppgcl.mp.gov.in के करियर (Career) अनुभाग में जाकर डाउनलोड कर सकते हैं। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने सभी नवनियुक्त प्रशिक्षु कार्मिकों को बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि कंपनी सीधी भर्ती के माध्यम से नियमित रूप से कंपनी में रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भर रही है।

​कंपनी द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यह नियुक्तियाँ सीधी भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत श्रेणी-3 के पदों पर की गई हैं। कुल 61 चयनित अभ्यर्थियों में से संयंत्र सहायक प्रशिक्षु (मैकेनिकल) के 36 पद और ​संयंत्र सहायक प्रशिक्षु (इलेक्ट्रिकल) के 25 पद शामिल है। ​इन सभी चयनित अभ्यर्थियों को उनके आवंटित पदस्थापना स्थल (पोस्टिंग लोकेशन) पर उपस्थित होने के निर्देश दे दिए गए हैं।

​MPPGCL ने स्पष्ट किया है कि ये सभी नियुक्तियाँ प्रारंभिक तौर पर प्रशिक्षु (Trainee) के रूप में की गई हैं। सभी चयनित अभ्यर्थियों को हिदायत दी गई है कि वे नियुक्ति पत्र में दिए गए दिशा-निर्देशों का गंभीरता से अध्ययन कर लें। इसके साथ ही, तय समय-सीमा के भीतर अपने सभी आवश्यक मूल दस्तावेज़ों के साथ आवंटित स्थान पर उपस्थिति दर्ज कराएं।

​गौरतलब है कि इन पदों को भरने के लिए इस वर्ष फरवरी 2026 के महीने में कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) आयोजित की गई थी। परीक्षा में सफ़ल रहे उम्मीदवारों के दस्तावेज़ों का सत्यापन (Document Verification) इसी वर्ष मई माह में पूरा किया गया था, जिसके बाद अब नियुक्ति की यह अंतिम प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस नई भर्ती से बिजली कंपनियों के तकनीकी कामकाज में और तेजी आने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *