Tue. Jun 16th, 2026

आज नागपुर में होगा कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन, जयपुर में एक दिन पहले अभिजीत दीपके को युवकों ने मारे थप्पड़

नीट पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर चल रहा कॉकरोच जनता पार्टी का अभियान मंगलवार को नागपुर पहुंचेगा। दरअसल संगठन ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर संविधान चौक पर प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया के जरिए छात्रों और युवाओं से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।

दरअसल पिछले कुछ दिनों में दिल्ली, पुणे, लखनऊ, अमृतसर, बेंगलुरु, हैदराबाद और जयपुर समेत कई शहरों में प्रदर्शन करने के बाद अब नागपुर इस अभियान का अगला पड़ाव बना है। संगठन का दावा है कि शिक्षा और भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर देशभर के युवाओं में नाराजगी है। इसी वजह से आंदोलन को लगातार समर्थन मिल रहा है। जानकारी दे दें कि नागपुर कार्यक्रम से पहले अभिजीत दीपके दोपहर 12 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आंदोलन की आगे की रणनीति भी साझा करेंगे।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट

वहीं नागपुर में होने वाले प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पुलिस को आशंका है कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र और युवा पहुंच सकते हैं। इसी कारण शहर में अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक प्रदर्शन स्थल और आसपास के इलाकों में सैकड़ों पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। दरअसल पुलिस ने साफ किया है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति है, लेकिन किसी भी तरह की अव्यवस्था या हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुरक्षा के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में विशेष टीमों को तैनात किया गया है। दो दंगा नियंत्रण प्लाटून भी तैयार रखे गए हैं।

जयपुर में अभिजीत दीपके पर हमला

दरअसल नागपुर प्रदर्शन की चर्चा इसलिए भी ज्यादा हो रही है क्योंकि एक दिन पहले जयपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अभिजीत दीपके पर हमला हुआ था। जानकारी दे दें कि प्रदर्शन के दौरान कुछ युवक भीड़ के बीच पहुंचे और कथित तौर पर उनका कॉलर पकड़कर थप्पड़ मार दिए। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई थी। हालांकि पुलिस ने मामले में कई लोगों को हिरासत में लेकर कार्रवाई की है। आरोपियों का कहना था कि वे दीपके के कुछ बयानों और संगठन की कार्यशैली से नाराज थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed