गतिमान में छूटा दस लाख से भरा बैग, रेलवे सुरक्षा व्यवस्था की खुल गई पोल
ग्वालियर मध्य प्रदेश ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब गतिमान एक्सप्रेस से उतरे एक निजी कंपनी के इंजीनियर ने जीआरपी को सूचना दी कि उसका बैग गायब हो गया है और उस बैग में ₹1000000 कैश थे। इस इंजीनियर की बात सुनकर पुलिस तुरंत अलर्ट हो गई और जांच शुरू कर दी। रेलवे स्टेशन पर लगे हुए सीसीटीवी खंगाले गए, जिसमें साफ नजर आया कि यह इंजीनियर झूठ बोल रहा है।जब यह ट्रेन से उतरा और इधर उधर चला, तब इसके हाथ में ऐसा कोई बैग नजर नहीं आया। जब पुलिस ने फिर से पूछा तब इसका कहना था कि बैग ट्रेन में छूट गया है। इस पूरे मामले में सवाल यह खड़ा होता है कि क्या इतनी बड़ी कैश रकम लेकर भारतीय रेलवे में सफर किया जा सकता है और रेलवे स्टेशन पर लगी मशीनों में यह बात क्यों नहीं उजागर हुई।
निजी कंपनी के इंजीनियर राजीव खन्ना का कहना है कि वह इस कंपनी में इंजीनियर के रूप में उड़ीसा में काम करते हैं। हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से गतिमान एक्सप्रेस की सीएट कोच के सीट नंबर 30 पर वे ग्वालियर के लिए यात्रा कर रहे थे। ट्रेन के ग्वालियर पहुंचने पर वे खुद तो ट्रेन से उतर गए लेकिन बैग उठाना भूल गए और जब ट्रेन आगे चल दी। तब उन्हें बैग की याद आई, और वे घबरा गए और तुरंत जीआरपी थाने पहुंचे और वह गायब होने की सूचना थाना पुलिस को दी। लेकिन उनके पास यह रकम क्यों थी और इतनी बड़ी रकम लेकर वह ट्रेन में यात्रा क्यों कर रहे थे, इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है।
