Sat. Oct 3rd, 2026

छात्रों को राहत, यूपी के स्कूलों में बढ़ाई गई गर्मी की छुट्टियां, अब इस दिन से खुलेंगे स्कूल

उत्तर प्रदेश के स्कूली छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार ने भीषण गर्मी और बदलते मौसम को देखते हुए स्कूलों की गर्मियों की छुट्टियों को एक हफ्ते बढ़ा दिया है। 16 जून 2026 को शिक्षा विभाग द्वारा जारी नए आदेश के अनुसार, अब राज्य के बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन और मान्यता प्राप्त स्कूल 24 जून तक बंद रहेंगे और 25 जून 2026 से खुलेंगे।

पूर्व में यह अवकाश 20 मई से 15 जून तक होता था। आदेशानुसार, अब हर साल उत्तर प्रदेश में ग्रीष्मकालीन अवकाश 20 मई से 24 जून तक रहेगा ताकि मौसम के चलते स्थानीय स्तर पर छुट्टियों में बदलाव ना करना पड़े। अपर मुख्य सचिव, बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग पार्थ सारथी सेन शर्मा द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। वहीं सभी शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को 22, 23 और 24 जून को स्कूल में उपस्थित रहना होगा ताकि वे मिड-डे मील, किताबों के वितरण और साफ-सफाई जैसी तैयारियां पूरी कर सकें।

​अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिया है कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्कूलों में सामूहिक योगाभ्यास आयोजित किया जाएगा। साथ ही शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के तहत निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप प्रत्येक शैक्षणिक सत्र में न्यूनतम 220 कार्यदिवस और नियमित पठन-पाठन सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारियों को भी स्थानीय स्तर पर अवकाश घोषित करने से पूर्व इस विधिक प्रावधान को ध्यान में रखने को कहा गया है।

अन्य राज्यों में कब से खुलेंगे स्कूल?

  • बिहार के पटना में भी कक्षा 5वीं तक के स्कूलों की छुट्टियां बढ़ाई गई हैं। डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम ने जिले के सरकारी स्कूलों (प्री-स्कूल सहित) में कक्षा 5वीं तक के कक्षाओं की शैक्षणिक गतिविधियां 20 जून तक स्थगित कर दी है वहीं कक्षा 6 से 8वीं तक के स्कूलों का समय बदलते हुए सुबह 10:30 तक तक लगाने के निर्देश दिए हैं। इस आदेश का पालन जिले के सभी सरकारी स्कूलों, निजी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को करना होगा। ये आदेश 20 जून 2026 तक लागू रहेगा।जो भी स्कूल प्रबंधन इस आदेश का पालन नहीं करेंगे उनके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।
  • मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 16 जून से स्कूल खुल गए हैं । महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी स्कूलों को सुचारू रूप से खोल दिया गया है ताकि शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार सिलेबस समय पर पूरा किया जा सके। हालांकि राजस्थान में 29 जून, दिल्ली और हरियाणा में 1 जुलाई से स्कूल दोबारा खुलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed