Sat. Aug 8th, 2026

शिवसेना UBT में बड़ी हलचल! दिल्ली पहुंचे बागी सांसद, स्पीकर से मिलकर नए गुट का कर सकते हैं दावा

शिवसेना (UBT) के भीतर जारी असंतोष अब खुलकर सामने आता दिखाई दे रहा है। दरअसल पार्टी के बागी सांसद नई दिल्ली पहुंच चुके हैं और सूत्रों के मुताबिक वे आज महत्वपूर्ण बैठक के बाद लोकसभा स्पीकर से मुलाकात करेंगे। माना जा रहा है कि इस मुलाकात के दौरान संसद में अलग गुट बनाने का दावा भी पेश किया जा सकता है।

वहीं सूत्रों के अनुसार, उद्धव ठाकरे गुट के सांसद सुबह दिल्ली में श्रीकांत शिंदे के आवास पर बैठक कर सकते हैं। इस बैठक में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सांसद श्रीकांत शिंदे के शामिल होने की संभावना भी जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि परभणी से सांसद संजय उर्फ बंधु जाधव और यवतमाल-वाशिम से सांसद संजय देशमुख पहले ही दिल्ली पहुंच चुके हैं। वहीं, मातोश्री में बुलाई गई आपात बैठक में नौ में से केवल चार सांसदों के पहुंचने के बाद बगावत की अटकलों को और बल मिला है।

दिल्ली में बढ़ी राजनीतिक गतिविधियां

दरअसल दिल्ली में आज का दिन शिवसेना (UBT) के लिए काफी अहम माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक सुबह करीब 8:30 बजे सांसदों की बैठक हो सकती है, जिसके बाद बागी सांसद लोकसभा स्पीकर से मुलाकात करेंगे। इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हैं। इसी बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी दिल्ली लौट आए हैं। दूसरी ओर, उद्धव ठाकरे गुट भी सक्रिय नजर आ रहा है। जानकारी के मुताबिक UBT नेताओं की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस सुबह आयोजित की जा सकती है, जिसमें संजय राउत, अरविंद सावंत और अनिल देसाई जैसे वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

संजय राउत ने लगाए गंभीर आरोप

वहीं इस पूरे घटनाक्रम के बीच शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट कर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र के सांसदों को पाला बदलने के लिए कथित तौर पर 15-15 करोड़ रुपये तक के प्रस्ताव दिए जा रहे हैं। हालांकि इन आरोपों को लेकर संबंधित पक्षों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। दरअसल संजय राउत ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि महाराष्ट्र की राजनीति में बड़े स्तर पर राजनीतिक दबाव और प्रलोभन की कोशिशें की जा रही हैं। उन्होंने अपने पोस्ट में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भी टैग किया। वहीं, बागी सांसदों की ओर से अभी तक सार्वजनिक रूप से विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed