Tue. Jun 23rd, 2026

जल्द खत्म होगा मानसून का इंतजार, आज 30 जिलों में बारिश-आंधी, 4 जिलों में लू का अलर्ट

मानसून की दस्तक से पहले अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय मौसम प्रणालियों के असर से मध्य प्रदेश में बारिश-आंधी का दौर जारी है। सोमवार को धार में दो इंच और भोपाल में पौन इंच बारिश हुई। इंदौर, उज्जैन, रायसेन, राजगढ़, सीहोर, खंडवा, छिंदवाड़ा, जबलपुर, सागर, सतना और बड़वानी में बारिश और तेज हवाओं का दौर रहा।

मंगलवार (23 जून 2026) को 30 जिलों में बारिश और 4 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। दतिया में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री दर्ज हुआ। ग्वालियर में 40.2 डिग्री, जबलपुर में 36 डिग्री, भोपाल में 35.2 डिग्री, उज्जैन में 35 डिग्री और इंदौर में 34.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मौसम केंद्र भोपाल की दैनिक रिपोर्ट के मुताबिक, अगले 48 घंटों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के मध्य अरब सागर के शेष भागों, महाराष्ट्र के कुछ और भागों, तेलंगाना एवं ओडिशा के शेष भागों तथा छत्तीसगढ़, झारखंड एवं बिहार के कुछ और भागों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल हैं, ऐसे में संभावना है कि 27-28 जून से पहले मानसून मध्य प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। आमतौर पर दक्षिण पश्चिम मानसून 15 जून के आसपास मध्य प्रदेश में प्रवेश कर जाता है लेकिन चाल धीमी होने के चलते इस बार तय समय के एक सप्ताह से अधिक बीत जाने के बाद भी मानसून पहुंच ना सका है।

मंगलवार को कहां कैसा रहेगा मौसम

  • जबलपुर, मंडला, दमोह और उमरिया में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।
  • भोपाल, इंदौर, धार, झाबुआ, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, देवास, सीहोर, हरदा, नर्मदापुरम, रायसेन, विदिशा, सागर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, डिंडौरी,अनूपपुर,ग्वालियर,मुरैना,भिंड,, दतिया, श्योपुर, बैतूल, पांढुर्णा, अलीराजपुर, शहडोलजिलों में तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
  • नीमच, मंदसौर, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, गुना, शिवपुरी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, रीवा और सिंगरौली में गर्मी परेशान कर सकती है।

अबतक कहां कितनी हुई बारिश

  • 1 से 22 जून के बीच मध्य प्रदेश में सामान्य से करीब 52 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। प्रदेश के 55 में से 45 जिले सामान्य से कम बारिश की श्रेणी में हैं।
  • 1 जून से अब तक औसतन 70.9 मिमी बारिश दर्ज होनी चाहिए थी, वहीं केवल 34.3 मिमी वर्षा हुई है। भोपाल में करीब 4.6 इंच पानी गिर चुका है।
  • पूर्वी हिस्से जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में 71 प्रतिशत कम बारिश हुई है तो भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम और ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में 33 प्रतिशत कम।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed