एमपी के 7 जिलों में हैवी रेन अलर्टबालाघाट-डिंडौरी में अति भारी बारिश की चेतावनी; अगले 2-4 दिन में बाकी जिलों में पहुंचेगा मानसून
मध्य प्रदेश में बुधवार को देवास, हरदा, बैतूल, पांढुर्णा और छिंदवाड़ा में भारी बारिश का अनुमान है। वहीं, मौसम विभाग ने बुधवार को बालाघाट और डिंडौरी में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इस बार पूरे जून महीने आंधी-बारिश का दौर रहा। इस दौरान कुल 88.2 मिमी यानी, 3.5 इंच पानी गिरा। हालांकि, ये सामान्य बारिश 131.1 मिमी (5.1 इंच) से 33 प्रतिशत कम है। इधर, मंगलवार को मानसून आगे बढ़ा और जबलपुर, भोपाल, रीवा और शहडोल संभाग के ज्यादातर जिलों में पहुंच गया।
मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा ने बताया कि अगले 2 से 4 दिन में भोपाल, सागर, ग्वालियर, उज्जैन और चंबल संभाग के बाकी बचे जिलों में मानसून पहुंच जाएगा।
इन जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, झाबुआ, आलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, शाजापुर, नर्मदापुरम, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में तेज आंधी के साथ बारिश हो सकती है। नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा और रतलाम में हल्की बारिश होने का अनुमान है।
MP में बिजली गिरने से 3 की मौत, 4 झुलसे, बैतूल में 2 लोग बहे प्रदेश में मानसून के एक्टिव होते ही आंधी-बारिश का दौर तेज हो गया है। मंगलवार को हरदा में बिजली गिरने से 32 वर्षीय किसान प्रदीप राठौर की मौत हो गई। खरगोन में भी बिजली की चपेट में आने से राधेश्याम (30) और गृहिणी केनू (30) की मौत हो गई। वहीं, बैतूल के चुना गोसाई गांव में बिजली गिरने से सुखदेव यादव, उनकी पत्नी गीताबाई, बेटी संध्या और बेटा नैतिक झुलस गए।
वहीं, बैतूल के चिचोली क्षेत्र में चंपा नदी उफान पर है। रपटे को पार करते समय सिप्लाई निवासी राजेश बिहारे और दद्दू धुर्वे बाइक समेत बह गए। मंगलवार सुबह रपटे से करीब एक किलोमीटर दूर झाड़ियों में दोनों के शव मिले। बालाघाट में दोपहर 2 बजे के बाद तेज बारिश शुरू हुई। सतना और मैहर में सड़कों पर जलभराव हो गया।
देवास में तेज बारिश के दौरान दो लड़कियां स्कूटी सहित नाले में गिर गईं, लेकिन लोगों ने दोनों को बचा लिया। सीहोर के इछावर में घरों और दुकानों में पानी घुस गया। विरोध में कांग्रेस पार्षद जुनेद खान ट्यूब पर बैठकर पानी में उतरे और प्रदर्शन किया।
डिंडोरी नगर पालिका के वार्ड-8 में नाली जाम होने से घुटनों तक पानी भर गया। घरों-दुकानों में पानी घुस गया। वहीं, मैहर जिले के अमरपाटन में बिजली ऑफिस के पास गीता साकेत के कच्चे मकान में भी घुटनों तक पानी भर गया।
सतना में डेढ़ इंच बारिश, भोपाल-इंदौर समेत 23 जिलों में बरसे बादल
मंगलवार को प्रदेश के 23 जिलो में बारिश रिकॉर्ड की गई। सतना में डेढ़ इंच पानी गिरा। वहीं, भोपाल, बैतूल, धार, नर्मदापुरम, इंदौर, खरगोन, छिंदवाड़ा, जबलपुर, मंडला, रीवा, सागर, सतना, सिवनी, सीधी, बालाघाट, पांढुर्णा, सीहोर, शाजापुर, खरगोन, डिंडौरी, हरदा, मैहर में भी बारिश हुई।
आंधी-बारिश की वजह से दिन के तापमान में गिरावट हुई है। प्रदेश के 5 बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 30.6 डिग्री, इंदौर में 33 डिग्री, ग्वालियर में 40 डिग्री, उज्जैन में 35 डिग्री और जबलपुर में 32 डिग्री दर्ज किया गया।
वहीं, सबसे कम बैतूल में 26.2 डिग्री रहा। सिवनी में 27 डिग्री, छिंदवाड़ा में 28.2 डिग्री, दमोह में 28.4 डिग्री, मलाजखंड में 28.5 डिग्री, खंडवा में 29.1 डिग्री, सागर में 29.2 डिग्री, मंडला-खरगोन में 31.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
