बस-ट्रक भिड़ंत, 8 मौत, DNA टेस्ट से की जाएगी पहचान आग में फंस गए थे 40 पैसेंजर्स; दावा- डिक्की में भरे थे सिगरेट बॉक्स
राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बस आगे चल रहे ट्रेलर से भिड़ गई। हादसे के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई।एक्सीडेंट में कुल 8 लोगों की मौत हुई है। इनमें 6 लोगों की मौत आग में झुलसने और 2 की सिर में चोट लगने के कारण हुई है। हादसा कोलवा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात करीब 2.30 बजे हुआ।बस ऋषिकेश से इंदौर जा रही थी। हादसे में 21 लोग घायल हैं। पुलिस को आशंका है कि बस ड्राइवर को झपकी आने के कारण एक्सीडेंट हुआ है।इधर, बस के स्टोरेज बॉक्स में सिगरेट के पैकेट भरे होने और इमरजेंसी गेट नहीं खुलने को लेकर भी दावा किया जा रहा है।
MLA बोले- इमरजेंसी गेट के कारण फंसे दौसा विधायक दीनदयाल बैरवा का दावा है कि स्लीपर बस में आग लगने के बाद पैसेंजर्स बाहर ही नहीं निकल सके। इसका बड़ा कारण है बस का इमरजेंसी गेट ही नहीं खुला।
दावा- तुरंत नहीं मिली मदद बस के पैसेंजर ने बताया कि स्लीपर हंस ट्रेवल्स की थी। मंगलवार शाम करीब 5 बजे बस ऋषिकेश से इंदौर के लिए निकली थी। एक्सीडेंट के तुरंत बाद बस में आग लग गई थी। करीब एक घंटे तक घायलों को कोई मदद नहीं मिली।
बस में सिगरेट के बॉक्स भरे थे रेस्क्यू के लिए पहुंचे एक ग्रामीण ने बताया कि आग में फंसे पैसेंजर्स चीख-पुकार रहे थे। आग बुझाने के दौरान बस की डिक्की में सिगरेट से भरे कई बॉक्स नजर आए थे। आशंका है कि इनके कारण आग ज्यादा भड़की थी।
एक्सीडेंट के बाद से भाई लापता मध्य प्रदेश के सीहोर निवासी ईश्वरलाल ने बताया- बस में सभी लोग सो रहे थे। अचानक हल्ला मचा तो मैं बस की गैलरी में गिर गया। लोग चिल्ला रहे थे, आग लग गई, बाहर निकलो। मेरा एक भाई भी बस में था, लेकिन अभी तक उसका पता नहीं चल पाया है कि वह कहां है।
सभी को बेहतर इलाज के निर्देश- महवा विधायक
महवा विधायक राजेन्द्र मीणा ने हॉस्पिटल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों के इलाज में लापरवाही न बरती जाए। सभी को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
राज्यपाल ने भी शोक व्यक्त किया
राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने दौसा में दिल्ली – मुंबई एक्सप्रेस पर हुए भीषण सड़क हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से मृतकों की पुण्यात्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है। उन्होंने हादसे में घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की है।
अब तक केवल 9 घायलों की पहचान
SP पीयूष दीक्षित ने बताया कि स्लीपर बस ऋषिकेश से इंदौर जा रही थी। दौसा जिले के तनावड़ में जीरो पॉइंट पर एक्सीडेंट हो गया। हादसे में पांच लोगों की जलने से और दो लोगों की सिर में गंभीर चोट लगने से मौत हुई है। वहीं, अब तक 9 घायलों की पहचान हुई है।
एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां देर से पहुंचीं
स्थानीय लोगों ने बताया कि एक्सीडेंट और आग की जानकारी करीब 3.20 बजे पुलिस और एक्सप्रेसवे के मैनेजमेंट के लोगों को दी गई थी। लेकिन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां देरी से मौके पर पहुंची। हादसे के करीब एक घंटे बाद बस में फंसे पैसेंजर्स को बाहर निकाला गया।
