Wed. Jul 1st, 2026

सीएम मोहन यादव आज देंगे सिवनी को 494.16 करोड़ के 629 विकास कार्यों की सौगात, कोदो-कुटकी उत्पादक किसानों को प्रोत्साहन राशि का लाभ

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार 1 जुलाई को सिवनी जिले में आयोजित होने वाले राज्य-स्तरीय धान महोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। साथ ही विकास और किसान कल्याण की अनेक सौगातें देंगे। इस महोत्सव में मुख्यमंत्री 494.161 करोड़ रुपये लागत के 629 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन करेंगे। 3 हजार से ज्यादा कोदो-कुटकी उत्पादक किसानों को प्रोत्साहन राशि वितरित करेंगे। इसके अलावा विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी किया जाएगा।

धान महोत्सव में आज मुख्यमंत्री डॉ. यादव कोदो-कुटकी उत्पादक 3,941 किसानों के बैंक खातों में 2 करोड 82 लाख 99 हजार 300 रुपये की प्रोत्साहन राशि सिंगल क्लिक से अंतरित करेंगे। यह राशि किसानों को 1 हजार रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रदान की जा रही है, जिससे श्रीअन्न उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आय में वृद्धि होगी। इससे पहले 30 जून 2026 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजगढ़ के विकासखंड सारंगपुर अंतर्गत भैंसवामाता जी मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर 352 करोड रूपये के विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन किया था।

कार्यक्रम में और क्या रहेगा खास

  • महोत्सव में विभिन्न विभागों द्वारा थीम आधारित विकास प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इस प्रदर्शनी में आने वाले किसानों और आम नागरिकों को आधुनिक तकनीकों और शासकीय योजनाओं की लाइव जानकारी मिलेगी।
  • प्रदर्शनी में धान बुवाई के आधुनिक कृषि यंत्र, प्राकृतिक खेती एवं प्राकृतिक बगीचे, कस्टम हायरिंग सेंटर, जीआई टैग एवं मिलेट्स उत्पाद, पीएमएफएमई उत्पाद, आम की विभिन्न किस्में, स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित हस्तशिल्प एवं मिट्टी कला उत्पाद, लघु वनोपज, स्थानीय उद्यमियों के उत्पाद, पोषण आहार प्रदर्शनी, डिजिटल जमीन, कृषिका एप तथा किसान क्रेडिट कार्ड से संबंधित जानकारी प्रदर्शित की जाएगी।
  • प्रदर्शनी परिसर में आम जनता और युवाओं के लिए एक विशेष और आकर्षक सेल्फी प्वाइंट भी तैयार किया गया है, जो इस पूरे महोत्सव में लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed