NPS में बदलाव, अब स्वायत्त निकायों के कर्मचारियों को भी निवेश के 2 नए विकल्प, जानें इसके बारें में सबकुछ
केंद्र सरकार के स्वायत्त निकायों (सीएबी) के कर्मचारियों के लिए काम की खबर है। सरकार ने नेशनल पेंशन सिस्टम (एनपीएस) के तहत इन कर्मचारियों को दो अतिरिक्त निवेश विकल्प चुनने की मंजूरी दी है। वित्त मंत्रालय द्वारा जारी नए आदेश के तहत, अब इन कर्मचारियों को भी केंद्र सरकार के बाकी कर्मचारियों की तरह बेहतर और लचीले इन्वेस्टमेंट विकल्प मिलेंगे।
दरअसल, केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (NPS) के अंतर्गत आने वाले केंद्रीय स्वायत्त निकायों (CAB) के कर्मचारियों के लिए NPS के अंतर्गत 2 अतिरिक्त निवेश विकल्प उपलब्ध कराए हैं। वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग ने अपने ज्ञापन के माध्यम से वित्तीय सेवाएं विभाग की 13 नवंबर 2025 की अधिसूचना की प्रयोज्यता को NPS के अंतर्गत आने वाले केंद्रीय स्वायत्त निकायों (CAB) के कर्मचारियों पर भी लागू कर दिया है।
सरकार ने पहले केंद्रीय स्वायत्त निकाय के अंतर्गत आने वाले केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों के लिए NPS के तहत एग्रेसिव लाइफ साइकिल फंड (LC-75) और बैलेंस्ड लाइफ साइकिल फंड (BLC) नामक अतिरिक्त निवेश विकल्पों को पेश किया था। अब इन निवेश विकल्पों को केंद्रीय स्वायत्त निकायों (सीएबी) में कार्यरत NPS कर्मचारियों तक भी बढ़ा दिया गया है। इनका उद्देश्य CAB में NPS कर्मचारियों को अधिक फ्लेक्सिबिलिटी देना है, जिससे वे अपने पेंशन निवेश को अपनी व्यक्तिगत जोखिम लेने की क्षमता, वित्तीय लक्ष्यों और सेवानिवृत्ति नियोजन आवश्यकताओं के अनुरूप ढाल सकें।
बता दें कि प्रशासनिक मंत्रालय और विभाग अपने प्रशासनिक नियंत्रण के अधीन सीएबी को उपर्युक्त निवेश विकल्पों की उपलब्धता के बारे में सूचित कर सकते हैं और उन्हें पात्र एनपीएस ग्राहकों के बीच यह जानकारी प्रसारित करने की सलाह दे सकते हैं, जिससे वे इस सुविधा का लाभ उठा सकें। उपर्युक्त निवेश विकल्प केंद्रीय अभिलेखपालन एजेंसी (सीआरए) प्रणाली में उपलब्ध कराए जाएंगे।
क्या मिलेंगे निवेश के लिए 2 नए विकल्प
- एग्रेसिव लाइफ साइकिल फंड (LC-75) का नाम अब LC-75-हाई रखा गया है। यह एक निवेश विकल्प है, जिसमें इक्विटी में निवेश 75% तक है, और इसे उन कर्मचारियों के लिए तैयार किया गया है जो लंबी अवधि में अधिक वृद्धि की क्षमता की तलाश में हैं।
- बैलेंस्ड लाइफ साइकिल फंड (BLC) का नाम अब एग्रेसिव लाइफ साइकिल फंड रखा गया है। यह एक निवेश विकल्प है जिसमें इक्विटी में निवेश 50% तक सीमित है, और 45 वर्ष की आयु से शुरू होकर इक्विटी आवंटन में धीरे-धीरे कमी आती है, जो विकास और स्थिरता के बीच एक संतुलित दृष्टिकोण प्रदान करता है।
