कर्मचारियों-खाताधारकों के लिए खबर, 15 जुलाई तक आएगा PF खाते में ब्याज का पैसा, इन तरीकों से कर सकेंगे चेक
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के कर्मचारियों और पीएफ खाताधारकों के लिए अच्छी खबर है। हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) जमा पर 8.25% ब्याज दर को मंजूरी दे गई है और अब ईपीएफओ ब्याज का पैसा 15 जुलाई 2026 तक देश के करीब 34 करोड़ पीएफ खातों में जमा करने की तैयारी में जुट गया है।
केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने 8 जुलाई को घोषणा की कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए पीएफ पर तय किया गया सालाना ब्याज आगामी 15 जुलाई तक सभी सदस्यों के खातों में पूरी तरह क्रेडिट (जमा) कर दिया जाएगा। इस बार करीब 1.44 लाख करोड़ रुपये का ब्याज 34 करोड़ से अधिक EPFO खातों में ट्रांसफर किया जाएगा। इसके बाद वे अपने पासबुक में यह राशि देख सकेंगे। पहले यह पैसा अक्टूबर या नवंबर तक आता था, लेकिन इस बार यह काफी पहले क्रेडिट हो रहा है। ध्यान रहे पैसा निकालने के लिए आपका UAN एक्टिवेट होना और आधार, पैन और बैंक खाते से पूरी तरह लिंक होना जरूरी है।
EPFO ने हाल ही में नई सेंट्रलाइज्ड प्रणाली(CITES) प्लेटफॉर्म लागू किया है। इसके तहत सभी सदस्यों का डेटा अब एक राष्ट्रीय डेटाबेस में रखा जाएगा। इसके आने से अब पीएफ ट्रांसफर, क्लेम सेटलमेंट और ब्याज जमा होने की प्रक्रिया बेहद पारदर्शी हो जाएगी। EPFO के नए सिस्टम के तहत पहले ब्याज की राशि अपने आप प्रोसेस होगीऔर फिर फील्ड अधिकारियों द्वारा जरूरी जांच पूरी होने के बाद सदस्यों की पासबुक में दिखाई देगी।
लगातार तीसरी बार ब्याज दर में कोई बदलाव नहीं
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के केंद्रीय न्यासी बोर्ड (CBT) ने मार्च 2026 में हुई बैठक में ब्याज दर को 8.25% पर बरकरार रखने की सिफारिश की थी। इस पर सरकार ने मंजूरी दे दी गई है। यह लगातार तीसरा साल है जब ईपीएफ पर मिलने वाले ब्याज को 8.25% पर स्थिर रखा गया है। इससे पहले वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2023-24 में भी खाताधारकों को इसी दर से ब्याज मिला था। 2022-23 में 8.15%, 2021-22 में 8.10% और 2020-21 EPF दर 8.5% रखी गई थी।
अपना पीएफ बैलेंस और ब्याज कैसे चेक करें?
पैसा ट्रांसफर होने के बाद खाताधारक ईपीएफओ की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर मेंबर पासबुक पोर्टल (UAN और पासवर्ड के जरिए) लॉगिन करके अपना बैलेंस देख सकते हैं। इसके अलावा उमंग (UMANG) ऐप या ईपीएफओ के पंजीकृत मोबाइल नंबर से मिस्ड कॉल और एसएमएस भेजकर भी खाते में आए ब्याज की जानकारी ली जा सकती है।
उमंग (UMANG) ऐप अपने फोन में UMANG ऐप को इंस्टॉल करें। लॉग-इन कर ‘EPFO Option’ पर क्लिक करें और ‘Employee Centric Services’ पर जाएं। अब ‘view passbook’ पर क्लिक कर UAN नंबर दर्ज करें। मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी को दर्ज करते ही पीएफ अकाउंट लॉग-इन हो जाएगा। अब आपको पीएफ पासबुक शो होगी।
ईपीएफओ पोर्टल ईपीएफओ की आधिकारिक वेबसाइट के मेंबर पासबुक पोर्टल (Member e-Sewa) पर अपना UAN और पासवर्ड डालकर लॉग-इन करें।
एसएमएस (SMS) सेवा अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से ‘EPFOHO UAN ENG’ लिखकर 7738299899 पर मैसेज भेजें। यहां आपको अपने नए योगदान और बैलेंस के विवरण के साथ एक SMS मिल जाएगा।
मिस्ड कॉल अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 9966044425 पर मिस्ड कॉल देकर भी बैलेंस जान सकते हैं
