Fri. Jul 10th, 2026

आज भारतीय शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 700 अंक उछला, निफ्टी में भी 200 अंकों की जोरदार तेजी, आईटी और मेटल शेयरों में खरीदारी

आज शुक्रवार 10 जुलाई को भारतीय शेयर बाजार ने मजबूती के साथ कारोबार की शुरुआत की है। दरअसल शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 700 अंक की तेजी के साथ 77,500 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी भी लगभग 200 अंक चढ़कर 24,150 के आसपास कारोबार करता दिखा है। बाजार में सबसे ज्यादा खरीदारी आईटी और मेटल सेक्टर के शेयरों में देखने को मिली, जिससे निवेशकों का भरोसा मजबूत नजर आया है।

दरअसल सेंसेक्स और निफ्टी की इस तेजी के बीच कई बड़े शेयर हरे निशान में कारोबार करते दिखे हैं। आईटी कंपनियों के शेयरों में खरीदारी बढ़ने से पूरे सेक्टर को मजबूती मिली है। वहीं मेटल कंपनियों के शेयरों में भी अच्छी तेजी दर्ज की गई। बाजार खुलने के साथ ही निवेशकों की नजर बड़ी कंपनियों के तिमाही नतीजों और विदेशी बाजारों के संकेतों पर बनी रही। गुरुवार को भी बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ था, जिससे शुक्रवार को सकारात्मक शुरुआत का माहौल बना।

तिमाही नतीजों के बाद टीसीएस के शेयर में जोरदार उछाल

दरअसल शेयर बाजार की तेजी में सबसे ज्यादा चर्चा टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के शेयर की रही है। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के नतीजे जारी होने के बाद कंपनी का शेयर 2 प्रतिशत से ज्यादा चढ़कर करीब 2,090 रुपये पर पहुंच गया है। कंपनी का शुद्ध मुनाफा पिछले साल की समान तिमाही के 12,760 करोड़ रुपये से बढ़कर 13,349 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। वहीं ऑपरेशंस से मिलने वाला रेवेन्यू भी बढ़कर 72,275 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी के बोर्ड ने 12 रुपये प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड को मंजूरी दी है और इसके लिए 15 जुलाई को रिकॉर्ड डेट तय की गई है। हालांकि पिछले छह महीनों में टीसीएस के शेयर में करीब 30 प्रतिशत और एक साल में लगभग 40 प्रतिशत की गिरावट भी दर्ज की गई थी, लेकिन ताजा नतीजों के बाद शेयर में फिर से खरीदारी बढ़ी है। इसी का असर आईटी सेक्टर के दूसरे शेयरों पर भी देखने को मिला।

एशियाई बाजारों में तेजी

वहीं आज शुक्रवार को एशियाई शेयर बाजारों से भी सकारात्मक संकेत मिले है। दरअसल जापान का निक्केई इंडेक्स 1,200 अंकों से ज्यादा चढ़ा, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी 4 प्रतिशत से अधिक मजबूत हुआ। हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स भी बढ़त के साथ कारोबार करता नजर आया है। वहीं अमेरिका के बाजार भी पिछले कारोबारी सत्र में मजबूती के साथ बंद हुए थे। डाउ जोन्स, नैस्डैक और एसएंडपी 500 तीनों प्रमुख इंडेक्स बढ़त में रहे, जिससे वैश्विक बाजारों का माहौल सकारात्मक बना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed