भारत और इंग्लैंड के बीच आज एजबेस्टन में खेला जाएगा पहला वनडे मुकाबला, 968 दिन बाद वनडे में वापसी करेंगे जसप्रीत बुमराह
भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला आज मंगलवार को बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं भारतीय समयानुसार मैच दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा। दअरसल इस मुकाबले की सबसे बड़ी चर्चा जसप्रीत बुमराह की वनडे टीम में वापसी है। बता दें कि उन्होंने 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल के बाद कोई वनडे मैच नहीं खेला था। इसके अलावा रोहित शर्मा और विराट कोहली भी एक बार फिर 50 ओवर के फॉर्मेट में खेलते नजर आएंगे।
दरअसल भारत इस सीरीज में मजबूत रिकॉर्ड के साथ उतर रहा है। टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ अपने पिछले पांच वनडे मुकाबले लगातार जीते हैं। दोनों देशों के बीच अब तक 110 वनडे खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 61 मुकाबलों में जीत हासिल की है। हालांकि इंग्लैंड अपनी घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाने की कोशिश करेगा लेकिन भारतीय टीम के पास अनुभव और संतुलन दोनों मौजूद हैं। ऐसे में पहले मुकाबले में कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है।
2027 वर्ल्ड कप पर नजर
बता दें कि भारत के लिए यह वनडे सीरीज सिर्फ एक द्विपक्षीय मुकाबला नहीं है बल्कि 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों की शुरुआत भी मानी जा रही है। अगले विश्व कप में अब ज्यादा समय नहीं बचा है, इसलिए टीम मैनेजमेंट अपने मजबूत कॉम्बिनेशन को अंतिम रूप देना चाहता है। कप्तान शुभमन गिल ने मैच से पहले साफ कहा कि विराट कोहली भविष्य की योजनाओं का अहम हिस्सा हैं और टीम उनके अनुभव का पूरा फायदा उठाना चाहती है। दरअसल जसप्रीत बुमराह की वापसी भारतीय गेंदबाजी को नई मजबूती देगी। उनकी मौजूदगी से नई गेंद के साथ विकेट लेने की संभावना बढ़ जाती है, जबकि डेथ ओवरों में भी उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है।
वहीं दूसरी तरफ हार्दिक पंड्या की गैरमौजूदगी टीम के लिए चुनौती जरूर है। ऐसे में ऑलराउंडर की भूमिका के लिए शिवम दुबे और वॉशिंगटन सुंदर के बीच मुकाबला देखने को मिल सकता है। जबकि चोट के कारण हर्षित राणा उपलब्ध नहीं हैं इसलिए प्रसिद्ध कृष्णा या गुरनूर बरार में से किसी एक को मौका मिल सकता है।
एजबेस्टन की पिच कैसी रहेगी?
दरअसल एजबेस्टन हमेशा से इंग्लैंड का मजबूत मैदान माना जाता है। मेजबान टीम ने यहां 2015 के बाद लगातार सात वनडे मुकाबले जीते हैं। पिच की बात करें तो शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को अच्छी स्विंग और सीम मूवमेंट मिलने की उम्मीद है। इसके बाद बल्लेबाजी आसान होती जाती है, इसलिए नई गेंद का सामना करने वाली टीम की शुरुआत काफी अहम रहेगी। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक मैच के दौरान बारिश की संभावना बेहद कम है, जिससे पूरे 50 ओवर का मुकाबला देखने को मिल सकता है।
पॉसिबल प्लेइंग-11
भारत: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), शिवम दुबे/वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा/गुरनूर बरार।
इंग्लैंड ने मैच से एक दिन पहले अपनी प्लेइंग-XI का ऐलान कर दिया है– बेन डकेट, जैकब बेथेल, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम करन, विल जैक्स, जोफ्रा आर्चर, लियाम डॉसन, जोश टंग, आदिल रशीद।
