Wed. Jul 15th, 2026

अब इंदौर से अबू धाबी के लिए मिलेगी सीधी फ्लाइट, सप्ताह में 4 दिन संचालन, सीएम मोहन यादव आज करेंगे शुभारंभ

मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की राजधानी अबू धाबी के लिए नई सीधी अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवा शुरू होने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 से वित्त पोषित प्रदेश की पहली अंतर्राष्ट्रीय हवाई सेवा इंदौर से अबू धाबी का शुभारंभ करेंगे।

इससे मालवा-निमाड़ क्षेत्र की बड़ी आबादी को लाभ मिलेगा। यात्रियों, व्यवसायियों और प्रवासियों के लिए यह एक बड़ी सौगात मानी जा रही है। व्यापार, निवेश, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इस कनेक्टिविटी से मध्य प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय व्यापार और विदेशी निवेश में तेजी आएगी।

दरअसल, वर्तमान में इंदौर से अबू धाबी जाने के लिए यात्रियों को दिल्ली अथवा मुंबई के माध्यम से यात्रा करनी पड़ती है, जिससे लगभग 7 से 8 घंटे का समय लगता है और पैसा भी अधिक लगता था लेकिन नई उड़ान शुरू होने से यह यात्रा लगभग 3 घंटे 15 मिनट में पूरी हो सकेगी। टाटा समूह की विमानन इकाई एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा संचालित यह सेवा सप्ताह में चार दिन (सोमवार, बुधवार, शुक्रवार एवं रविवार) को उपलब्ध रहेगी।

बता दें कि  राज्य सरकार नागरिक विमानन नीति-2025 के माध्यम से प्रदेश में हवाई संपर्क का निरंतर विस्तार कर रही है। नीति के अंतर्गत अब तक 8 नए हवाई मार्ग स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिनमें से 4 पर सेवाएं प्रारंभ हो चुकी हैं और शेष मार्गों पर भी शीघ्र सेवाएं शुरू की जाएंगी। इंदौर-आबू धाबी हवाई सेवा का शुभारंभ प्रदेश की विमानन नीति की प्रभावशीलता एवं एयरलाइंस के बढ़ते विश्वास का प्रतीक है। इससे भविष्य में नए अंतर्राष्ट्रीय एवं घरेलू हवाई मार्गों के विस्तार का मार्ग भी प्रशस्त होगा।

मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025

  • प्रदेश के विमानन इकोसिस्टम को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से लागू मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 में नवीन घरेलू हवाई मार्गों के विकास के लिए 10 लाख रुपये तक तथा अंतर्राष्ट्रीय मार्गों के लिए 15 लाख रुपये तक वायबिलिटी गैप फंडिंग (वीजीएफ) सहायता का प्रावधान किया गया है।
  • राज्य के हवाई अड्डों पर रात्रि पार्किंग करने वाले विमानों के लिए एविएशन टरबाइन फ्यूल (एटीएफ) पर वैट की प्रभावी दर 1 प्रतिशत निर्धारित की गई है।
  • नीति के अंतर्गत मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल (एमआरओ) परियोजनाओं के लिए 40 प्रतिशत तक पूंजीगत सब्सिडी तथा एयर कार्गो परियोजनाओं के लिए पूंजीगत सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है।
  • कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए सिमुलेटर स्थापित करने वाले उड़ान प्रशिक्षण संगठनों (एफटीओ) को 40 प्रतिशत तक पूंजीगत सब्सिडी तथा गैर-सिम्युलेटर प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों के लिए फीस का 60 प्रतिशत,अधिकतम एक लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता का प्रावधान किया गया है।

इंदौर-अबू धाबी हवाई सेवा का शेड्यूल और समय

  • सप्ताह में चार दिन: सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार
  • ​समय सारणी: सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को उड़ान शाम 7:50 बजे इंदौर से रवाना होकर यूएई के स्थानीय समयानुसार रात 9:35 बजे अबू धाबी पहुंचेगी। सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को उड़ान यूएई के स्थानीय समयानुसार रात 10:35 बजे रवाना होकर भारतीय समयानुसार देर रात 3:20 बजे इंदौर पहुंचेगी। रविवार को यह उड़ान एक घंटे देरी से संचालित होगी।
  • ​यात्रा की अवधि: इंदौर से अबू धाबी तक का सफर मात्र 3 घंटे 15 मिनट में पूरा होगा।
  • ​शुरुआती किराया: एयरलाइन ने इस रूट के लिए शुरुआती एकतरफा (वन-वे) किराया लगभग 16,000 से 17,000 रुपये के बीच तय किया है। हालांकि, सीटों की उपलब्धता और मांग के अनुसार इसमें बदलाव हो सकता है।
  • बुकिंग की स्थिति: एयर इंडिया एक्सप्रेस की टिकटों की बुकिंग अपनी आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप से होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed