बातों में उलझाकर बुजुर्ग महिला के कनफूल ठगे पूजा का सामान लेकर लौट रहीं थी महिला; तीन आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
ग्वालियर के दौलतगंज इलाके में तीन शातिरों ने एक बुजुर्ग महिला को बातों में उलझाकर उनके कानों से करीब पौने तोला (7.5 ग्राम) सोने के कनफूल ठग लिए। आरोपियों में एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं। कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पूजा का सामान लेने गई थीं महिला
पुलिस के अनुसार फरियादिया जमुना देवी पाल (60), पत्नी स्वर्गीय नारायण सिंह पाल, निवासी खुर्जे वाला मोहल्ला, दौलतगंज, मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे अपने घर से पूजा के लिए रूई की बत्ती खरीदने छापाखाना क्षेत्र स्थित दुकान पर गई थीं। सामान खरीदने के बाद वह पैदल घर लौट रही थीं।
पीड़िता ने बताया कि जैसे ही वह हनुमान मंदिर के पास पहुंचीं, तभी एक महिला, एक युवक और एक पुरुष उनके पीछे-पीछे चलने लगे। तीनों ने सहज अंदाज में उनसे बातचीत शुरू की और पूछा, “अम्मा, कहां जा रही हो?” महिला ने बताया कि वह खुर्जे वाले मोहल्ले स्थित अपने घर जा रही हैं। इसके बाद तीनों लगातार उनके साथ चलते रहे और बातचीत करते रहे।
कृष्णा ज्वेलर्स के सामने बैठाया
जब बुजुर्ग महिला कृष्णा ज्वेलर्स के सामने पहुंचीं, तब आरोपियों ने उन्हें बातों में इस तरह उलझा लिया कि वह भ्रमित हो गईं। पीड़िता के अनुसार उन्हें ऐसा महसूस हुआ कि उनका दिमाग सुन्न हो गया है और उन्हें कुछ समझ नहीं आ रहा था। इसी दौरान उन्हें वहां बनी पटिया पर बैठा दिया गया। उनके साथ आई महिला भी उनके पास बैठ गई, जबकि युवक और दूसरा व्यक्ति आसपास खड़े रहे।
पहले एक, फिर दूसरा कनफूल उतरवाया
पीड़िता ने बताया कि महिला ने बेहद चालाकी से पहले एक कान का सोने का कनफूल निकाल लिया। इसके बाद बातों में उलझाकर दूसरे कान का कनफूल भी उनसे उतरवा लिया। उस समय वह पूरी तरह उनके झांसे में आ चुकी थीं और समझ ही नहीं सकीं कि उनके साथ ठगी हो रही है।
घर पहुंचने पर हुआ एहसास
कुछ देर बाद जब तीनों वहां से चले गए और महिला को सामान्य स्थिति का एहसास हुआ, तब उन्हें पता चला कि उनके दोनों सोने के कनफूल गायब हैं। घबराई महिला किसी तरह घर पहुंचीं और पूरी घटना परिजनों को बताई। इसके बाद वह अपने नाती देवीनंदन के साथ कोतवाली थाने पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई।
पीड़िता के अनुसार बदमाश करीब पौने तोला वजन के पुराने सोने के कनफूल छलपूर्वक लेकर फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। कोतवाली थाना प्रभारी विनोद करकरे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला सुनियोजित ठगी का प्रतीत हो रहा है। संभावना है कि यह गिरोह बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाकर इसी तरह बातचीत के बहाने उनके जेवरात हड़पता है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान लोगों की बातों में न आएं। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति बातचीत कर भ्रमित करने का प्रयास करे तो तुरंत वहां से हट जाएं और पुलिस को सूचना दें। अधिकारियों का कहना है कि हाल के समय में बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाने वाली इस तरह की घटनाएं बढ़ी हैं, इसलिए विशेष सतर्कता जरूरी है।
