यूपी-बिहार के 18 जिलों में भारी बारिश असम में 99 गांव डूबे, अरुणाचल में 1 लाख लोग बाढ़ में फंसे; MP के 35 जिलों में सूखा
यूपी के 10 और बिहार के 8 जिलों में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने हरदोई, लखनऊ, रायबरेली, सीतापुर और उन्नाव समेत यूपी के 36 जिलों में बारिश का अलर्ट भी जारी किया है।
ओडिशा के पुरी में गुरुवार को रथयात्रा के दौरान भी भारी बारिश हो रही है। वहीं, मध्य प्रदेश में जबलपुर, रीवा, सागर-शहडोल समेत प्रदेश के 35 जिलों में सूखे जैसे हालात हैं।
अरुणाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटों में बाढ़, लैंडस्लाइड और बारिश से 1.02 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। अब तक 7 लोगों की मौत हुई है और 29 घायल हुए हैं। वहीं, असम के 6 जिलों के 99 गांव बाढ़ की चपेट में हैं, जहां 37,032 लोग प्रभावित हैं।
नेपाल में बारिश से भारत में बाढ़ का खतरा
नेपाल के सूनसरी के पुलिस उप अधीक्षक चंद्र बहादुर खड़का के मुताबिक, बुधवार रात कोशी बैराज पर पानी का बहाव 1,63,230 क्यूसेक पहुंच गया। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि आगर पूर्वी नेपाल में बारिश जारी रही, तो पानी का बहाव और अधिक बढ़ सकता है।
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बैराज के 56 गेटों में से 21 गेट खोल दिए गए हैं। कोशी बैराज नेपाल और भारत के पड़ोसी क्षेत्रों के लिए एक महत्वपूर्ण बाढ़-नियंत्रण संरचना है।
कोशी बैराज कंट्रोल रूम ने बताया कि जब नदी का बहाव 1,50,000 क्यूसेक से अधिक हो जाता है, तो सुरक्षा प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिए जाते हैं। इसके तहत खतरे का संकेत देने और आसपास के लोगों को अलर्ट करने के लिए बैराज पर लाल बत्तियां जलाई जाती हैं और लाल झंडे फहराए जाते हैं।
पंजाब में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। बारिश थमने से गर्मी और उमस बढ़ गई है, जिससे लोगों को दिन के समय घरों से बाहर निकलने में परेशानी हो रही है। मौसम विभाग ने आज राज्य के 8 जिलों में गर्म और उमस भरे मौसम का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, 16 जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
वाराणसी में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ रहा है
भारी बारिश के बाद वाराणसी में गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है
गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण नदी का प्रवाह काफी तेज हो गया है, जिससे घाटों की सीढ़ियां पानी में डूबने लगी हैं।
छत्तीसगढ़ में मानसून फिर से एक्टिव हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के मजबूत होने से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। आज (16 जुलाई) कई जगहों पर हल्की से मध्यम, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।
हरियाणा में मानसून की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में लोगों को अभी भारी बारिश के लिए तीन दिन का और थोड़ा इंतजार करना होगा। तीन दिन बाद मानसून दोबारा एक्टिव हो सकता है।
मौसम विभाग ने 16 और 17 जुलाई को किशनगंज, कटिहार, पश्चिम चंपारण और अररिया में भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, सुपौल समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट है।
उत्तराखंड के कई हिस्सों में देर रात से बारिश जारी है। देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत और बागेश्वर में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने इन पांच जिलों के लिए भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
अगले 2 दिन के मौसम का हाल
17 जुलाई:
- उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, सिक्किम, बंगाल, ओडिशा, असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम ओर त्रिपुरा में बारिश का अलर्ट है।
- कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना में तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही तेज गर्मी के साथ यहां मौसम उमस भरा रहेगा।
- मध्य प्रदेश, झारखंड, बंगाल और जम्मू-कश्मीर में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
18 जुलाई:
- पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और रायलसीमा में तेज गर्मी और उमस भरा मौसम रहेगा।
- ओडिशा-बंगाल में भारी बारिश, आंधी-बिजली और तूफान का ऑरेंज अलर्ट है।
- कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में हल्की बारिश की संभावना है।
- बिहार, झारखंड, सिक्किम, मेघालय, अरुणाचल, असम, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा और मणिपुर में तेज बारिश होगी।
