मोबाइल हैक कर किसान के खाते से उड़ाए 1लाख ठगे फोन अपने आप हुआ फॉर्मेट, दो दिन बाद बैंक स्टेटमेंट देखने पर सामने आई ठगी
ग्वालियर में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। मुरार थाना क्षेत्र में एक किसान का मोबाइल हैक कर साइबर ठगों ने उसके बैंक खाते से 1 लाख रुपए निकाल लिए। हैरानी की बात यह रही कि वारदात के दौरान मोबाइल अपने आप फॉर्मेट हो गया और दो दिन तक बंद रहा।
पुलिस को आशंका है कि किसी संदिग्ध APK फाइल के जरिए ठगों ने मोबाइल का रिमोट एक्सेस हासिल कर लिया था।
दो दिन तक बंद रहा मोबाइल
मुरार के बड़ागांव स्थित मुर्गी फार्म इलाके में रहने वाले 32 वर्षीय किसान दीपक राजपूत ने पुलिस को बताया कि 11 जुलाई को उनका मोबाइल अचानक बंद हो गया। उन्होंने इसे सामान्य खराबी समझा, लेकिन दो दिन बाद भी फोन चालू नहीं हुआ।
इसके बाद वह मोबाइल को खुरैरी स्थित एक दुकान पर लेकर पहुंचे। जांच के दौरान मैकेनिक ने बताया कि मोबाइल में कोई तकनीकी खराबी नहीं है, बल्कि उसे पूरी तरह फॉर्मेट कर दिया गया है।
बैंक स्टेटमेंट देखते ही उड़े होश
मोबाइल फॉर्मेट होने की जानकारी मिलने के बाद दीपक को शक हुआ। वह यूनियन बैंक की बड़ागांव शाखा पहुंचे और खाते का स्टेटमेंट निकलवाया। स्टेटमेंट में पता चला कि खाते से 1 लाख रुपए निकाल लिए गए हैं।
इसके बाद उन्होंने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर मुरार थाना पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साइबर एक्सपर्ट ने दी सलाह
साइबर एक्सपर्ट हरेंद्र सिंह राजपूत और धर्मेंद्र शर्मा का कहना है कि यदि मोबाइल अचानक बंद हो जाए, बार-बार रीस्टार्ट हो, अपने आप फॉर्मेट हो जाए या असामान्य व्यवहार करने लगे, तो इसे नजरअंदाज न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत बैंक के कस्टमर केयर से संपर्क कर खाता अस्थायी रूप से ब्लॉक करवा दें और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करें।
पुलिस कर रही जांच
मुरार थाना प्रभारी मैना पटेल ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। साइबर टीम ट्रांजेक्शन आईडी और जिन खातों में रकम ट्रांसफर हुई है, उनकी जांच कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों का पता लगा लिया जाएगा।
