Thu. Aug 20th, 2026

DAVV इंदौर में ज्ञापन देने गए छात्रों का हंगामा, चैनल गेट टूटकर नीचे गिरा, पुलिस में शिकायत दर्ज

इंदौर के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (DAVV Indore ) में आज दोपहर जमकर हंगामा हुआ, अपनी बातों को रखने आए छात्रों ने डीएवीवी के चैनल गेट से ज़ोर आज़माइश की आखिरकार चैनल गेट अपनी जगह से उखड़ा और जमीन पर आ गिरा, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। विश्वविद्यालय प्रशासन ने पुलिस में इस घटना की शिकायत की है।

छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर बड़ी संख्या में आईपीएस कॉलेज के छात्र साइकिल रैली निकालकर देवी अहिल्या विश्वविद्यालय मुख्यालय पहुंचे थे। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्र संघ चुनाव कराए जाने को लेकर नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन शुरू किया। काफी देर तक इंतजार के बावजूद जब प्रशासन का कोई जिम्मेदार अधिकारी छात्रों से चर्चा करने नहीं पहुंचा तो इस दौरान आक्रोशित हो गए ।

पुलिस मौके पर पहुंची, प्रबंधन ने दी शिकायत 

गुस्साए छात्रों ने एक साथ विश्वविद्यालय के मुख्य चैनल गेट को धक्का देना शुरू कर दिया। एक साथ कई छात्रों द्वारा जोर लगाने से मुख्य चैनल गेट टूटकर परिसर के अंदर गिर गया। जिससे वहां हंगामा हो गया, प्रबंधन ने पुलिस को घटना की सूचना दी ,छात्रों द्वारा गेट तोड़े जाने की सूचना मिलते ही छोटी ग्वालटोली थाना पुलिस मौके पर पहुंची, थाना प्रभारी संजू कामले ने कहा कि विश्वविद्यालय की ओर से लिखित शिकायत मिली है, उसमें 10 छात्रों के नाम बताये हैं पूरे मामले में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

छात्र बोले पहले से जीर्ण शीर्ण था गेट 

उधर आईपीएस कॉलेज के छात्र प्रतिनिधि वीरेंद्र गुर्जर ने गेट टूटने की घटना पर कहा कि वो शांति पूर्ण तरीके से ज्ञापन देने आये थे बहुत देर तक कोई नहीं आया तो कुछ छात्र उत्तेजित हो गए हमने वह गेट पकड़कर हिलाया था वो पहले से  ही जीर्ण शीर्ण अवस्था में था और जब छात्रों ने जब हल्का बल प्रयोग किया तो वह टूटकर गिर गया, पुलिस ने हमारे नाम लिखे हैं, हमेंकोई अपराध नहीं किया है।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर 

साइकिल रैली से देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में कुलगुरु को ज्ञापन देने पहुंचे आईपीएस कॉलेज के छात्रों द्वारा डीएवीवी के चैनल गेट के तोड़े जाने के मामले को लेकर विश्वविद्यालय प्रबंधन द्वारा थाना छोटी ग्वालटोली में 10 छात्रों के खिलाफ शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और बगैर परमिशन साइकिल रैली निकालना के मामले में मुकदमा दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed