Sat. Aug 22nd, 2026

ग्वालियर भिंड एनएच 719 को हादसों का राजमार्ग कहिये

ग्वालियर। ग्वालियर भिंड राजमार्ग 719 को हादसों का राजमार्ग ही माना जायेगा। प्रतिवर्ष यहां सड़क हादसों में एक से डेढ़ सैंकड़ा लोगों की जान जाती है और सैंकड़ों वाहन सवार व राहगीर घायल होते है। दर्जनों बार राजमार्ग की दयनीय हालत को लेकर आंदोलन भी हो चुके है, लेकिन सरकार से लेकर उसका एनएचआई विभाग जागा ही नहीं हैं। अनेक बार केन्द्रीय मंत्रियों से लेकर स्थानीय सांसद, मंत्री ग्वालियर भिंड इटावा राजमार्ग के 6 लेन बनाने की मांग भी उठा चुके हैं, लेकिन एनएचआई व केन्द्रीय परिवहन मंत्रालय की अभी तक नींद ही नहीं टूटी है।
पिछले 10 वर्षों के ही इस मार्ग पर दुर्घटना के आंकड़े देखे जाये तो 700 से अधिक लोग लोग दुर्घटना में अपनी जान गंवा चुके हैं। पूर्व सांसद डा. रामलखन सिंह कुशवाह, अशोक अर्गल, पूर्व मंत्री राकेश चौधरी, कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री सुनील शर्मा से लेकर स्थानीय साधू संत समाज भी कालीदास महाराज के नेतृत्व में दर्जनों बार एनएच 719 को 6 लेन बनाने की मांग व आंदोलन कर चुके हैं। लेकिन हर बार परिवहन मंत्रालय व एनएचआई से रटा रटाया जबाब मिलता है कि इस राजमार्ग को 6 लेन बनाने की तैयारी चल रही है, लेकिन पिछले 20 सालों से इस मार्ग को 6 लेन बनाने की कवायद कभी नहीं की गई। हर बार झूठे आश्वासन ही मिले है।
भिंड इटावा यूपी की तरफ मार्ग चौड़ा
इस मार्ग पर भिंड से आगे इटावा की ओर यूपी के क्षेत्र में तो उत्तर प्रदेश सरकार ने तो यातायात के भारी दबाब के कारण मार्ग बेहद चौड़ा और सुविधाजनक भी कर दिया है। लेकिन मध्यप्रदेश के पूरे हिस्से में मार्ग को टू लेन से फोर लेन में भी नहीं बदला गया है जिससे यहां आये दिन हादसे होते रहते हैं।
मिटटी के सैंकड़ों डंपर की भरमार
इस मार्ग पर गिटटी, बजरी के सैंकड़ों ट्रक भिंड, ग्वालियर से इटावा व यूपी के अन्य स्थानों पर रोज अवैध रूप से चलते है। डंपरों के कारण भी यहां रोज सड़क हादसे हो रहे हैं। बिना नंबरों के डंपरों के कारण हादसे के बाद डंपर भाग भी जाते है और कार्रवाई भी पुलिस की मिलीभगत से नहीं हो पाती।
इण्डस्ट्रीज एरिया से भी यातायात बढ़ा
इस राजमार्ग पर मालनपुर इण्डस्ट्रीज एरिया होने से देश की प्रमुख इण्डस्ट्रीज यहां कार्यरत है, जिसके कारण उनके यहां आने जाने वाला उत्पादित सामान व कच्चा माल आता जाता रहता है। जिससे इस टू लोन मार्ग पर अब सर्वाधिक यातायात हैं। 
मार्च 2027 से शुरू होगा ग्वालियर भिंड फोरलेन का कामः जोइया
ग्वालियर भिंड राजमार्ग 719 पर आये दिन होते हादसों पर इस संदर्भ में एनएचआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर भरत सिंह जोइया से इस प्रतिनिधि ने बात की, तो उनका कहना है कि ग्वालियर भिंड राजमार्ग का कार्य आगामी वर्ष मार्च 2027 से शुरू हो रहा है। इसके लिये टेंडर आमंत्रित हो गये है और प्राथमिक स्तर पर कार्य शीघ्र शुरू होगा। एनएचआई प्रोजेक्ट डायरेक्टर भरत सिंह जोइया का कहना है कि पूरे मध्यप्रदेश में एनएचआई ने ग्वालियर भिंड राजमार्ग के कार्य को प्राथमिकता से लिया है। यह अभी फोरलेन मार्ग में बदलेगा। हम इसका कार्य मार्च में शुरू कर देंगे। जोइया ने यह भी कहा कि अभी यह टू लेन मार्ग है, इसलिये इसमे डिवाइडर नहीं होता। टू लेन मार्ग पर ओवरस्पीड चलना खतरनाक होता है। मेरा सभी वाहन चालकों से अनुरोध है कि धीमे चले, सेफ चले, ताकि आप दुर्घटना से बचे रहे।
एमपीआरडीसी ध्यान नहीं दे रहा
अभी भिंड ग्वालियर राजमार्ग एमपीआरडीसी के हवाले है। एमपीआरडीसी ने इस टू लेन मार्ग को बनाया है और टोल भी वसूलता है, लेकिन इसको फोरलेन में अभी तक बदलने के प्रयास नहीं किये गये हैं। अब इसको एनएचआई बनाने के प्रयास कर रहा है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed