Fri. Oct 9th, 2026

छतरपुर बस किराया बढ़ोतरी के खिलाफ छात्रों का हल्ला बोल, सड़क पर बैठकर किया प्रदर्शन, सरकार से फैसला वापस लेने की मांग

मध्यप्रदेश में सरकार के बस किराये में बढ़ोतरी के फैसले के बाद छात्रों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बढ़े हुए किराये का सीधा असर छात्रों की रोजाना की यात्रा पर पड़ रहा है, जिसके चलते प्रदेश के अलग-अलग जिलों में छात्र विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्र किराये बढ़ोतरी का फैसला वापस लेने की मांग को लेकर सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं।

बता दें कि छतरपुर जिले के महाराजा कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने बस किराए में हुई बढ़ोतरी के खिलाफ प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान छात्र-छात्राएं छतरपुर कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर और चौबे तिराहे पर पहुंचे। यहां छात्रों ने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके चलते कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बन गई।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मांग

छात्र-छात्राओं का कहना है कि बस किराए में हुई बढ़ोतरी का सीधा असर उनकी पढ़ाई और रोजाना कॉलेज आने-जाने के खर्च पर पड़ेगा। बढ़े हुए किराये से विद्यार्थियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा जिसे लेकर छात्र नाराज हैं। इसी मांग को लेकर छात्र-छात्राएं बढ़ा हुआ किराया वापस लेने की मांग करते हुए कलेक्ट्रेट गेट के बाहर धरने पर बैठे।

छात्रों ने सरकार को दी चेतावनी

छात्र ​अनिल यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा बसों के किराये में बढ़ोतरी के खिलाफ हमने नाराजगी जाहिर की एवं सराकर के फैसले का विरोध जताया है। हम सभी छात्रों के मिलकर बसों के किराये को कम किया जाए, इस मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया है। इसके अलावा छात्रों ने सरकार को चेतावनी भी दी कि अगर एक सप्ताह में अगर बसों का किराया कम नहीं होता, तो छात्र उग्र आंदोलन करेंगे।

फिलहाल छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है। छात्र अपनी मांगों को लेकर प्रशासन के सामने आवाज बुलंद कर रहे हैं। अब देखना होगा कि छात्रों के इस विरोध के बाद प्रशासन और सरकार की ओर से बस किराया बढ़ोतरी को लेकर क्या फैसला लिया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed