Thu. Sep 24th, 2026

नोएडा में AC बस में आग लगने से 9 यात्रियों की मौत, यमुना एक्सप्रेसवे पर हुआ हादसा, बस में करीब 35 लोग सवार थे

यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात ग्रेटर नोएडा के दयानतपुर गांव के पास भीषण बस हादसा हो गया। दरअसल दिल्ली से महोबा जा रही एसी स्लीपर बस में देर रात अचानक आग लग गई जिसमें 9 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई। जानकारी के अनुसार राज कल्पना ट्रैवल्स की यह एसी स्लीपर बस दिल्ली से महोबा जा रही थी। रात के समय अधिकांश यात्री सो रहे थे तभी बस के भीतर अचानक आग फैल गई। चालक ने बस को तुरंत एक्सप्रेसवे के किनारे रोक दिया लेकिन तब तक धुआं और आग तेजी से पूरी बस में फैल चुकी थी।

वहीं बस में मौजूद कई यात्रियों ने जान बचाने के लिए खिड़कियों से छलांग लगा दी। इससे कई लोगों की जान बच गई, लेकिन पीछे के हिस्से में बैठे कुछ यात्री बाहर नहीं निकल सके। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने के बाद बस का पिछला हिस्सा काटकर अंदर फंसे शवों को बाहर निकाला। मृतकों में 8 पुरुष और एक महिला शामिल हैं।

यात्रियों ने सुनाई खौफनाक रात की कहानी

घायलों को तुरंत ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका इलाज किया गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। करीब 20 एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं। एक्सप्रेसवे पर कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा और बाद में एक लेन खोलकर ट्रैफिक शुरू कराया गया। दरअसल हादसे में घायल रेखा भारद्वाज ने बताया कि वह अपने पति के साथ दिल्ली से महोबा जा रही थीं। उनके मुताबिक वह बस में सो रही थीं कि अचानक शोर मचने लगा। चारों तरफ धुआं भर गया और यात्री एक-दूसरे को धक्का देते हुए बाहर निकलने की कोशिश करने लगे। भगदड़ के दौरान वह बस के अंदर गिर गईं और उनके ऊपर से कई लोग निकल गए। जब उन्हें होश आया तो वह सड़क पर थीं लेकिन उनके पति का कोई पता नहीं चला।

बस सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

प्रशासन के मुताबिक घायलों में कई लोगों को प्राथमिक इलाज के बाद महोबा भेज दिया गया जबकि एक महिला का इलाज अस्पताल में जारी है। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और उसके तकनीकी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की संभावना सामने आई है। दरअसल पिछले कुछ वर्षों में भी देश में कई बड़े बस हादसे सामने आ चुके हैं। मथुरा, लखनऊ, कुरनूल और जैसलमेर जैसे मामलों में भी आग ने भारी जनहानि की थी। फिलहाल प्रशासन मृतकों की पहचान, पोस्टमॉर्टम और परिजनों से संपर्क की प्रक्रिया पूरी कर रहा है। वहीं पुलिस और परिवहन विभाग मिलकर यह पता लगाने में जुटे हैं कि बस में आग लगने की असली वजह क्या थी और हादसे के लिए किसी स्तर पर लापरवाही हुई या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed