कुलसचिव ने मांगी सुरक्षा, निलंबित चौकीदार से बताया खतरा, दो बार कुलगुरु को लिखा पत्र, जवाब नहीं मिलने का किया दावा
रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (RDVV) जबलपुर में कुलसचिव और निलंबित चौकीदार से जुड़ा मामला सामने आया है। दरअसल कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल ने कुलगुरु प्रो. राजेश वर्मा को पत्र लिखकर कार्यालय और निवास पर सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि निलंबित चौकीदार रविंद्र तिवारी से उन्हें नुकसान पहुंचाए जाने की आशंका है। विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर डॉ. सोनवाल को कुलसचिव और प्रो. राजेश कुमार वर्मा को कुलगुरु बताया गया है।
वहीं कुलसचिव ने अपने पत्रों में चौकीदार के पहले के व्यवहार का भी जिक्र किया है। 21 सितंबर को रविंद्र तिवारी को कुलसचिव कार्यालय में अभद्रता और हाथापाई के आरोपों के बाद निलंबित किए जाने की रिपोर्ट सामने आई थी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने उसके निलंबन के साथ मुख्यालय कटनी स्थित व्यंकटेश लाइब्रेरी तय किया था।
