उम्मीद खाली प्लॉट में कचरा, खुदी सड़कें और खुले बिजली बॉक्स पर विभाग चुप, लोग पूछ रहे फील्ड में कब आएंगे
कोटा में ’ पर लगातार सड़क, बिजली, कचरा प्रबंधन और पानी जैसी मूलभूत जरूरतों से जुड़ी समस्याएं लोग पोस्ट कर रहे हैं। पोस्ट पर विभागीय अधिकारी भी एक्शन लेकर समाधान करवा रहे हैं। ‘भास्कर समाधान’ से अब लोग बेझिझक अपनी परेशानी सीधे जिम्मेदार लोगों तक पहुंचा पा रहे हैं। इससे आमजन और विभागों के बीच आपसी समझ भी बढ़ी है।
पहले उन समस्याओं पर एक नजर जिनके समाधान अभी विभागीय प्रक्रिया में हैं…
2 साल से नर्क भोग रहीं, कचरे के मच्छरों ने दिया डेंगू
कोटा के तलवंडी से कोमल शर्मा ने खाली प्लॉट में कचरा डालने की समस्या शेयर कर निगम से समाधान की अपील की है। उन्होंने पोस्ट में लिखा है कि तलवंडी के पुष्पा गोविंद मैरिज हॉल, सैमसंग शोरूम के सामने मेरे घर के बगल में खाली प्लॉट है। लोगों ने इसे दो साल से डम्पिंग यार्ड बना रखा है। आसपास के ही नहीं दूसरे मोहल्ले के लोग भी यहां अपना कचरा डंप कर के जाते हैं। इसकी वजह से मुझे एक साल में दो बार डेंगू हो चुका है। फरवरी में निगम कमिश्नर को भी सूचित किया लेकिन 7 महीने बाद भी समाधान नहीं हुआ।
तीन महीने बाद भी पैचवर्क नहीं, लोग हो रहे परेशान
‘भास्कर समाधान’ पर रंगबाड़ी योजना से जुगराज राठौर ने टूटी सड़क की समस्या भेजी है। उन्होंने लिखा है कि रंगबाड़ी के कृष्णा नगर में पावर हाउस रोड पर लोड शिफ्टिंग के लिए केईडीएल ने सड़क खोदकर केबल डालने का काम किया था। लेकिन तीन महीने बीत जाने के बाद भी इस रोड का पैचवर्क नहीं किया गया है। इससे दोपहिया वाहन चालकों और छोटे लोडिंग वाहनों को काफी असुविधा हो रही है। रात के समय एक्सीडेंट होने की आशंका बनी रहती है। संबंधित विभाग से अपील है कि इसका समाधान करें।
सीवरेज के लिए खोदी सड़क, दो महीने बाद भी मरम्मत नहीं
कारी बावड़ी से मोहम्मद दानिश ने खराब रोड की समस्या पोस्ट कर समाधान करने को कहा है। उन्होंने बताया कि काला तालाब, महाराणा प्रताप मैरिज गार्डन रोड से रामसरोवर कॉलोनी वाले रोड के बीच दो महीने से सीवरेज मेंटिनेंस के लिए सड़क खोदकर काम पूरा कर लिया गया। लेकिन दो महीने बाद भी न तो सड़क की मरम्मत हुई न ही गड्ढे को ढंग से भरा गया है। सड़क इतनी खराब हो गई है कि आने–जाने के लिए भी जगह नहीं बची है। ‘भास्कर समाधान’ पर पोस्ट कर उन्होंने इस सड़क की मरम्मत करवाने की अपील है।
पार्क में डीपी और बिजली के खुले बॉक्स, बच्चों को खतरा
कोटा शहर की वीआईपी कॉलोनी, तलवंडी से मुरली मनोहर जैन ने निगम का ध्यान पार्क में बिजली के खुले बॉक्स की तरफ दिलाया है। उन्होंने अपनी पोस्ट में बताया कि हमारे यहां पार्क में ज्यादातर पोल के नीचे लगे बिजली के बॉक्स और डीपी खुली हुई हैं। सुबह–शाम यहां बच्चे खेलते हैं। बारिश का मौसम है। कभी भी कोई अनहोनी हो सकती है। इन खुली डीपी और बॉक्स को बंद कर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करवाएं। इस संबंध में कई बार निगम और जन प्रतिनिधियों को शिकायत कर चुके हैं लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है।
पार्षद सोमा अहलूवालिया बनीं ‘पब्लिक की स्टार’
‘भास्कर समाधान’ पर झालावाड़ रोड, न्यू राजीव गांधी नगर से धीरज धाकड़ ने रोड लाइट खराब होने की समस्या पोस्ट की थी। उन्होंने बताया था कि हमारे यहां दो खम्भों की लाइट नहीं जल रही है। पूरे मोहल्ले में अंधेरा छाया रहता है। खाली प्लॉट से सांप–बिच्छू जैसे जहरीले जीवों के घर में आने का डर भी बना रहता है। समस्या पोस्ट होने के बाद वार्ड 56 की पार्षद सोमा अहलूवालिया ने इस समस्या का समाधान करवा दिया।
