Mon. Oct 5th, 2026

गांधीजी पर आपत्तिजनक रील बनाकर पोस्ट की, महिला इंफ्लूएंसर गिरफ्तार इंस्टाग्राम पर 10 लाख फॉलोअर्स, दोषी साबित हुई तो तीन साल की सजा होगी

सूरत में महात्मा गांधी की तस्वीर वाले 500 रुपए के नोट पर आपत्तिजनक रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के आरोप में पुलिस ने महिला इंफ्लूएंसर को गिरफ्तार किया है।

न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार सूरत पुलिस की साइबर क्राइम ब्रांच ने सोमवार को यह कार्रवाई की। आरोपी की पहचान सिमरन पटेल (47) के रूप में हुई है। उसके इंस्टाग्राम पर करीब 10 लाख फॉलोअर्स हैं। अगर महिला दोषी साबित हुई तो तीन साल की सजा हो सकती है।

पुलिस के मुताबिक, सिमरन ने 1 अक्टूबर को दोपहर एक बजे से 6 बजे के बीच इंस्टाग्राम पर यह रील अपलोड की थी। 2 अक्टूबर को गांधी जयंति थी। इसके बाद एक नागरिक ने पुलिस से शिकायत की।

साइबर क्राइम ब्रांच की प्रेस नोट के अनुसार, सिमरन पटेल सूरत के अडाजण इलाके की रहने वाली हैं। वह गृहिणी हैं। उनकी शादी 17 साल पहले हुई थी।

गांधीजी की तस्वीर को अश्लील तरीके से दिखाया

पुलिस ने बताया कि रील में 500 रुपए के नोट पर गांधीजी की तस्वीर को अश्लील तरीके से दिखाया गया था। इसमें आपत्तिजनक और अपमानजनक बातें कही गई थीं।

रील में यौन संकेत वाले इशारे भी किए गए थे। सिमरन ने यह वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया था। मामले की जांच के दौरान, पुलिस ने वायरल वीडियो से जुड़े इंस्टाग्राम अकाउंट और डिजिटल व तकनीकी सबूतों की जांच की।

इससे उन्हें सिमरन की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने में मदद मिली।

पुलिस ने क्लिप पोस्ट कर गिरफ्तारी की जानकारी दी

सूरत पुलिस ने अपने X हैंडल पर कंटेंट क्रिएटर का ‘पहले और बाद’ का क्लिप पोस्ट करके उसकी गिरफ्तारी की जानकारी दी – पहले क्लिप में वह करेंसी नोट पकड़े हुए दिख रही थी और दूसरे में उसे हथकड़ी पहने हुए दिखाया गया।

हालांकि पुलिस के वीडियो में सिमरन वीडियो पोस्ट करने के लिए माफी मांगते भी दिख रही हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रहे हैं कि यह रील कब और किस मकसद से बनाई गई थी और इसे सोशल मीडिया पर कैसे फैलाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed