नीमच में दबंगों का कहर, रंजिश के चलते 4 बीघा फसल पर चलाया ट्रैक्टर, न्याय मांगने पहुंचे किसान को चौकी प्रभारी ने दी धमकी!
मध्य प्रदेश के नीमच जिले अंतर्गत सिंगोली तहसील के रतनगढ़ थाना क्षेत्र स्थित लालपुरा (जाट चौकी) में दबंगई और खाकी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। पुरानी रंजिश और भूमि विवाद के चलते दबंगों ने रात के अंधेरे में एक गरीब किसान की करीब 4 बीघा खेत में खड़ी सरसों की फसल को ट्रैक्टर चलाकर रौंद दिया। हैरानी की बात यह है कि मदद की गुहार लेकर पुलिस के पास पहुंचे पीड़ित किसान को न्याय मिलने के बजाय चौकी प्रभारी की फटकार और कथित धमकियां झेलनी पड़ीं।
पीड़ित किसान कल्लू पिता जगदीश रेबारी (निवासी लालपुरा) ने टप्पा तहसील और पुलिस प्रशासन को दिए शिकायती आवेदन में बताया कि उनकी भूमि का विवाद न्यायालय और रतनगढ़ टप्पा तहसील में विचाराधीन है।
