Sun. Jul 12th, 2026

अब विधायक रख सकेंगे दो फ्लैट, शुल्क चुकाने का झंझट हुआ खत्म; सचिवालय ने जारी किए आदेश

शिमला। एक से अधिक बार चुनाव जीतने वाले विधायकों को शिमला में रहने के लिए दो फ्लैट मिल सकेंगे। अभी तक एक ही फ्लैट की व्यवस्था थी, जिसे बदल दिया गया है। बुधवार को राजपत्र में विधानसभा सचिवालय की ओर से इस आशय के आदेश प्रकाशित हुए हैं, जिसके साथ ही इनको लागू भी कर दिया गया है। आदेश में कहा गया कि एक से ज्यादा बार चुनाव जीत चुके विधायक यहां एमएलए हॉस्टल या फिर गेस्ट हाउस में दो फ्लैट लेने के हकदार होंगे। हालांकि यह आवासों की उपलब्धता पर निर्भर करेगा लेकिन उनको दो फ्लैट मिल सकते है। पूर्व में इसे लेकर कुछ विवाद उपजा था और उस विवाद के चलते विधानसभा को नए सिरे से नियमों में संशोधन करना पड़ा है। नियमों में संशोधन होने के बाद अब नियंत्रक महालेखाकार की ओर से होने वाले ऑडिट में रिकवरी का झमेला भी खत्म हो गया। विधानसभा सचिवालय ने नियम बदलकर दो फ्लैट रखने का रास्ता निकाल दिया है। ऐसे में किसी विधायक की रिकवरी भी नहीं निकलेगी। पूर्व में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के पास विधानसभा का फ्लैट था। वहीं, उनके पास शिमला में मंत्री की कोठी भी है। इसपर उन्हें फ्लैट का शुल्क चुकाना पड़ा। सरकार के दूसरे मंत्रियों की तरह उनके पास सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से रहने के लिए कोठी आबंटित है। विक्रमादित्य सिंह ने फ्लैट का शुल्क चुकाया और उधर विधानसभा सचिवालय ने नियम संशोधित किए। नए नियमों के तहत अब सरकार का वरिष्ठ मंत्री एक फ्लैट भी रख सकेगा। नए नियमों के तहत दूसरी बार चुनकर आने वाले विधायक को उपलब्धता के आधार पर दूसरे फ्लैट की सुविधा मिलेगी। विधायकों के लिए फ्लैट की सुविधा विधानसभा सचिवालय के पास 107 फ्लैट हैं। लिफ्ट के समीप पुराने मैट्रोपोल, एनेक्सी और विधानसभा के समीप तीन ब्लाक हैं जिनमें विधायकों को रहने की सुविधा प्रदान की गई है। सरकार के सभी मंत्रियों के पास कोठी के अतिरिक्त विधानसभा का एक फ्लैट भी है। जहां पर आमतौर पर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को रहने की सुविधा प्राप्त होती है। लिफ्ट के समीप पुराने मैट्रोपोल में विधायकों के लिए 34 फ्लैट हैं। इसके अतिरिक्त मैट्रोपोल एनेक्सी में 22 फ्लैट हैं। 1993 के बाद विधानसभा परिसर के साथ लगते क्षेत्र में तीन ब्लाक विधायकों के लिए निर्मित हुए थे जिनमें 51 फ्लैट हैं। वर्तमान में प्रदेश सरकार के मंत्री यादवेंद्र गोमा के पास दो फ्लैट हैं, उन्हें सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से कोठी नहीं मिली है। गोमा विधानसभा परिसर स्थित विधायक आवास के फ्लैट में रहते हैं। इसके अतिरिक्त कुछ अन्य मंत्रियों के पास भी कोठी के अलावा फ्लैट भी है। सत्ताधारी कांग्रेस के वरिष्ठ विधायकों के पास दो फ्लैट हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *