शिमला वासियों के लिए अच्छी खबर, नवबहार से IGMC तक सुरंग निर्माण में खर्च होंगे 295 करोड़ रुपये
शिमला। राजधानी के लोगों को शहर में जाम से न जूझना पड़े, इसके लिए नवबहार से लेकर आईजीएमसी के समीप तक सुरंग का निर्माण किया जाना है। इस सुरंग का निर्माण राज्य सरकार जाखू पहाड़ी के नीचे से नव बहार पेट्रोल पंप के पास से आईजीएमसी तक करेगी। ये सुरंग 890 मीटर लंबी डबल लेन सुरंग होगी। इसके निर्माण में 295 करोड़ की राशि खर्च होगी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने लोक निर्माण विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि सुरंग के निर्माण के लिए 295 करोड़ रुपये के कुल खर्च में से 100 करोड़ रुपये पहले ही जारी किए जा चुकी हैं। इस माह के अंत तक निविदा प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। राज्य सरकार शिमला शहर में विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से प्रयास कर रही है, ताकि स्थानीय लोगों के साथ-साथ यहां भ्रमण के लिए आने वाले पर्यटकों को बेहतरीन सुविधाएं प्रदान की जा सकें। लोक निर्माण विभाग को वाहनों का सुचारू आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सर्कुलर रोड़ पर सभी बाधाओं को दूर करने के निर्देश दिए। इसके दृष्टिगत भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया एक सप्ताह के भीतर शुरू हो जाएगी। सर्कुलर रोड़ को चौड़ा एवं सुदृढ़ करने के लिए 122 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। पार्किंग से संबंधित आधारभूत ढांचे को भी सुदृढ़ किया जाएगा तथा 3000 अतिरिक्त वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा सृजित की जाएगी। इसके लिए लगातार ही काम किया जा रहा है। नगर निगम के प्रोजेक्टों से लेकर शहर में लोक निमार्ण विभाग व अन्य एजेंसियों के माध्यम से भी इसका काम करवनाया जा रहा है।
प्रदेश सरकार शिमला शहर में ओवरहेड तारों को हटाने की योजना पर दृढ़ता से कार्य कर रही है। इसके दृष्टिगत विद्युत केबल और ऑप्टिकल फाइबर के लिए भूमिगत डक्ट बिछाई जाएंगी। इस परियोजना के प्रारंभिक चरण में माल रोड, लोअर बाजार तथा मिडिल बाजार क्षेत्रों पर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित किया जाएगा और लगभग 23 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को सभी परियोजनाओं में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिये, जिससे प्रदेशवासियों को लाभान्वित किया जा सके।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक हरीश जनारथा, प्रधान सचिव देवेश कुमार तथा डॉ. अमनदीप गर्ग, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, प्रमुख अभियंता लोक निर्माण एनके सिंह, प्रधान मुख्य अरण्यपाल, वन, राजीव कुमार तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
