Mon. May 11th, 2026

mp: हथियारों की तस्करी करती अंतर्राज्यीय महिला तस्कर गिरफ्तार

मध्य प्रदेश में एक ओर जहां अवैध हथियारों की तस्करी पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है, वहीं तस्कर पुलिस को चकमा देने के लिए अपने तरीकों में बदलाव कर रहे हैं। अब ये तस्कर पुरुषों की जगह महिलाओं से हथियारों की तस्करी करा रहे हैं। प्रदेश के बुरहानपुर जिले की खकनार थाना पुलिस ने ऐसी ही एक अंतरराज्यीय महिला तस्कर को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चार अवैध देसी पिस्टल और चार मैगजीन बरामद हुई हैं। पुलिस अब उत्तर प्रदेश निवासी इस महिला तस्कर से पूछताछ कर रही है, जिससे हथियार तस्करी के इस काले धंधे के और भी कई राज खुलने की संभावना है।

बुरहानपुर जिले के खकनार थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उनके क्षेत्र से अवैध हथियारों की तस्करी करते हुए एक महिला गुजर रही है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नेपानगर एसडीओपी निर्भय सिंह अलावा के मार्गदर्शन में एक पुलिस टीम, जिसमें महिला आरक्षक भी थीं, मौके पर रवाना की गई। टीम ने ग्राम डोईफोडिया के नायर फाटे पर एक संदिग्ध महिला को रोककर उससे पूछताछ की। महिला ने अपना नाम पिंकी बाई, पति प्रेमचंद अरोड़ा, और निवास स्थान शाहगंज, उत्तर प्रदेश बताया।

पुलिस ने पिंकी के हाथ में रखी थैली की तलाशी ली, जिसमें चार अवैध देसी पिस्टल और चार मैगजीन बरामद हुईं। पुलिस ने तुरंत हथियारों को जब्त कर लिया और पिंकी का मोबाइल भी कब्जे में ले लिया। जब्त अवैध हथियारों की कीमत लगभग 68 हजार रुपये और मोबाइल की कीमत करीब 10 हजार रुपये आंकी गई है। टीम के साथ गई महिला आरक्षक ने पिंकी को गिरफ्तार कर थाने ले जाकर उसके खिलाफ खकनार थाना में अपराध क्रमांक 662/2024, धारा 25(1-b)(a) आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। अब पुलिस आरोपी महिला पिंकी से इन अवैध हथियारों की तस्करी के संबंध में पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *