Tue. Apr 28th, 2026

अरब संसद अध्यक्ष मोहम्मद अल यामाहि से मिले CM डॉ. मोहन यादव, एनर्जी समिट में शामिल होने का दिया आमंत्रण, बताया क्यों खास है एमपी?

भोपाल मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 19 जुलाई तक दुबई-स्पेन की यात्रा पर हैं। 13 जुलाई को उन्होंने दुबई में अरब संसद के अध्यक्ष मोहम्मद अल यामाहि से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर सीएम ने मध्यप्रदेश की उद्योग हितैषी, सरल एवं सुगम नीतियों और निवेश को प्रोत्साहन देने वाली सुविधाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने अल यामाहि को प्रदेश में आयोजित होने वाली एनर्जी समिट में शामिल होने के लिए आमंत्रण भी दिया।

इन क्षेत्रों में सहयोग की दोहराई मंशा

संयुक्त अरब अमीरात के साथ बढ़ते रणनीतिक संबंधों के संदर्भ में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश की सक्रिय और रचनात्मक भूमिका का उल्लेख करते हुए ऊर्जा, खनिज, लॉजिस्टिक्स, खाद्य प्रसंस्करण और हरित निवेश के क्षेत्र में सहयोग की मंशा दोहराई। भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच बढ़ते रणनीतिक संबंधों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आशा जताई कि प्रदेश इन द्विपक्षीय साझेदारियों में एक सक्रिय और महत्वपूर्ण भागीदार बनेगा।

अरब संसद के अध्यक्ष को पदभार ग्रहण करने पर CM डॉ. मोहन ने दी बधाई

सीएम डॉ. मोहन यादव ने अरब संसद के अध्यक्ष मोहम्मद अल यामाहि का अभिनंदन किया और हाल ही में अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि 22 खाड़ी देशों की लोकतांत्रिक संस्था का नेतृत्व करना बड़ी उपलब्धि है और नए अध्यक्ष के नेतृत्व में यह संस्था निश्चित रूप से नई ऊंचाइयों को छुएगी।

विश्व की टाइगर राजधानी मध्यप्रदेश’

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संसद के अध्यक्ष मोहम्मद अल यामाहि को बताया कि मध्य प्रदेश भारत का हृदय है। इसकी जनसंख्या 8 करोड़ से अधिक है। यह राज्य अपने समृद्ध वन क्षेत्र के लिए जाना जाता है। यह वन क्षेत्र वन्यजीवों का आदर्श घर है। हमें गर्व है कि मध्यप्रदेश “विश्व की टाइगर राजधानी” है और राज्य बाघों के संरक्षण में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। इसके मद्देनजर ही हमने टाइगर रिजर्व की संख्या में वृ‌द्धि भी की है। मध्यप्रदेश भारत और एशिया का एकमात्र ऐसा स्थान है, जहां अब चीता पाए जाते हैं। विभिन्न देशों से लाए गए चीतों का राष्ट्रीय उ‌द्यान में सफल पुनर्वास किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *