महज 27 गेंदों में भारत ने एशिया कप का पहला मैच जीता
यूएई की टीम 13.1 ओवर में सिर्फ 57 रन बना पाई जिसके जवाब में भारतीय टीम ने 4.3 ओवर यानी महज 27 गेंदों में एक विकेट पर 60 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली भारतीय टीम ने एशिया कप में धमाकेदार आगाज किया है। भारत ने यूएई को नौ विकेट से रौंदकर टूर्नामेंट में अपने अभियान की विजयी शुरुआत की है। इस मैच में भारतीय गेंदबाजों ने अपना दम दिखाया जिसके आगे यूएई के बल्लेबाज एक पल भी चुनौती पेश नहीं कर सके। यूएई की टीम 13.1 ओवर में सिर्फ 57 रन बना पाई जिसके जवाब में भारतीय टीम ने 4.3 ओवर यानी महज 27 गेंदों में एक विकेट पर 60 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। भारत के लिए अभिषेक शर्मा ने 16 गेंदों में 30 रन बनाए। वहीं, शुभमन गिल (20) और सूर्यकुमार यादव (7) नाबाद रहे। यूएई के लिए जुनैद सिद्दीकी ने एक विकेट झटका।यूएई की टीम भारत के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य नहीं रख सकी और कम स्कोर का पीछा करते हुए भारत ने आक्रामक शुरुआत की। भारत के लिए अभिषेक शर्मा के साथ शुभमन गिल पारी का आगाज करने उतरे। अभिषेक ने पारी की पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर अपने इरादे जाहिर कर दिए। अभिषेक चौथे भारतीय बल्लेबाज हैं जिन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच की पहली गेंद पर छक्का लगाया है। अभिषेक से पहले रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल और संजू सैमसन ऐसा कर चुके हैं। अभिषेक यहीं नहीं रुके और उन्होंने तेज खेलना जारी रखा, लेकिन टीम को जीत दिलाने से पहले ही अपना विकेट गंवा बैठे। इसके बाद गिल और सूर्यकुमार ने भारत को पावरप्ले में ही जीत दिला दी। भारत ने इस तरह एशिया कप टी20 में गेंदों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत दर्ज कर ली है। उसने इस मामले में अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा है। टीम ने इससे पहले 2016 में यूएई के खिलाफ 59 गेंदें शेष रहते जीत दर्ज की थी, लेकिन टीम ने अब 93 गेंदें शेष रहते जीत हासिल कर ली।
