मध्य प्रदेश में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाया तो कटेगा चालान, दूसरी सवारी के लिए भी जरूरी
मध्य प्रदेश पुलिस 6 नवंबर से पूरे प्रदेश में सख्त हेलमेट अभियान शुरू करने जा रही है। अब बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने या पीछे बैठी सवारी के बिना हेलमेट होने पर चालान काटा जाएगा। सड़क सुरक्षा को लेकर शुरू किए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य हर साल होने वाली हजारों मौतों को रोकना है।
राज्य में हर साल लगभग छह से सात हजार दोपहिया वाहन चालक और सवार सड़क दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवा देते हैं। पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार, करीब 80 प्रतिशत चालक हेलमेट नहीं पहनते। इसी कारण अब प्रदेश के सभी जिलों में हेलमेट जांच और चालान अभियान लगातार चलाया जाएगा।
डीआईजी, पुलिस प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान टी.के. विद्यार्थी ने बताया कि हेलमेट नहीं पहनने वाले चालकों और पीछे बैठी सवारी दोनों पर कार्रवाई होगी। इसके अलावा, पुलिस आम लोगों को हेलमेट की आवश्यकता के प्रति जागरूक भी करेगी। हर जिले में रोजाना अभियान की रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान केवल कुछ दिनों के लिए नहीं, बल्कि लंबे समय तक जारी रहेगा। लोगों से अपील की गई है कि वे अपनी सुरक्षा के लिए हमेशा हेलमेट पहनें, चाहे वे चालक हों या सवारी।
