Tue. Jul 14th, 2026

आईपीएल 2026 से पहले आज सभी टीमें अपनी रिटेंशन लिस्ट करेंगी जारी, ये चार खिलाड़ी भी हो सकते है रिलीज

आज आईपीएल 2026 के लिए सभी फ्रेंचाइजी द्वारा अपनी टीम के प्लेयर्स की लिस्ट जारी की जाएगी। दरअसल आईपीएल कमेटी की ओर से 15 नवंबर तक सभी टीमों को अपनी रिटेंशन लिस्ट जारी करनी थी, ऐसे में आज इसका अंतिम दिन है। आज सबसे बड़ी चर्चा संजू सैमसन, रवींद्र जडेजा और वेंकटेश अय्यर जैसे खिलाड़ियों पर रहेगी। दरअसल सैमसन 11 साल से राजस्थान रॉयल्स के लिए क्रिकेट खेल रहे हैं, जबकि रवींद्र जडेजा भी लंबे समय से चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़े हुए हैं। वहीं 2021 से वेंकटेश अय्यर ने कोलकाता का दामन थामा था। कोलकाता नाइट राइडर्स ने वेंकटेश अय्यर को 23.75 करोड़ रुपए में अपनी टीम में शामिल किया था।

वहीं इससे पहले मुंबई इंडियंस की टीम ने ट्रेड डील में दो बड़े खिलाड़ी अपनी टीम में शामिल कर लिए। बता दें कि मुंबई ने शार्दुल ठाकुर और शेफर्ड रदरफोर्ड को अपनी टीम में शामिल किया है। आज कुछ खिलाड़ियों के लिए सबसे बड़ा दिन रहेगा। भारत की ओर से मोहम्मद शमी के लिए भी आज महत्वपूर्ण दिन रहने वाला है। मोहम्मद शमी को भी आज टीम से रिलीज होना पड़ सकता है। पिछले सीजन मोहम्मद शमी ने सनराइजर्स हैदराबाद के लिए क्रिकेट खेला था।

राशिद खान को किया जा सकता है रिलीज

आज गुजरात टाइटंस की टीम भी बड़ा फैसला ले सकती है। पिछले कुछ समय पर नजर डाली जाए तो राशिद खान ने टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है। राशिद खान को गुजरात टाइटंस की टीम ने 18 करोड़ रुपए में अपने साथ बनाए रखा था, लेकिन पिछले सीजन राशिद खान ने 15 मुकाबलों में सिर्फ 9 विकेट हासिल किए थे। ऐसे में राशिद खान को भी बाहर जाना पड़ सकता है। इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि गुजरात की टीम अपने पर्स को बढ़ाना चाहेगी। राशिद खान के ओवरऑल रिकॉर्ड पर नजर डालें तो अब तक राशिद ने 136 मुकाबलों में 158 विकेट हासिल किए हैं।

मोहम्मद शमी पर निगाहें

लंबे समय से भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर चल रहे मोहम्मद शमी के लिए भी आज का दिन आसान नहीं रहेगा। मोहम्मद शमी को सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने 10 करोड़ रुपए में खरीदा था, लेकिन उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा। मोहम्मद शमी ने आईपीएल 2025 में कुल 9 मुकाबले खेले थे, जिनमें मात्र 6 विकेट हासिल किए थे। ऐसे में उनके प्रदर्शन को देखते हुए सनराइजर्स हैदराबाद की टीम मोहम्मद शमी को रिलीज कर सकती है और मिनी ऑक्शन में किसी मुख्य गेंदबाज को टीम में शामिल कर सकती है।

शिमरन हेटमायर

वहीं राजस्थान रॉयल्स की टीम संजू सैमसन के अलावा एक और खिलाड़ी पर नजर रख सकती है। दरअसल टीम शिमरन हेटमायर को भी रिलीज कर सकती है। शिमरन हेटमायर को राजस्थान रॉयल्स की टीम ने 11 करोड़ रुपए में शामिल किया था, लेकिन उनका फॉर्म टीम के लिए चिंता का विषय है। शिमरन हेटमायर वेस्टइंडीज टीम से भी खराब फॉर्म के चलते बाहर चल रहे हैं। हालांकि राजस्थान ने उन्हें एक फिनिशर के तौर पर अपने साथ शामिल किया था लेकिन आईपीएल 2025 में शिमरन हेटमायर ने 14 मुकाबलों में मात्र 239 रन बनाए थे।

आंद्रे रसेल

इस लिस्ट में आंद्रे रसेल का नाम भी शामिल हो सकता है। आंद्रे रसेल को कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने 12 करोड़ रुपए में शामिल किया था। लेकिन पिछले सीजन भी आंद्रे रसेल का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। रसेल ने 13 मुकाबलों में 167 रन बनाए थे जबकि 8 विकेट भी हासिल किए थे। लेकिन वह एक फिनिशर की भूमिका नहीं निभा पाए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed