मध्य प्रदेश 24 घंटे बाद फिर दिखेगा मौसम में बदलाव, बढ़ेगी ठंड, छाएगा घना कोहरा, पढ़े IMD का ताजा पूर्वानुमान
उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के चलते मध्य प्रदेश में नए साल की शुरुआत ठंड और कोहरे के साथ हुई। गुरुवार को 16 जिलों में सुबह के समय कोहरा छाया रहा और 5 जिलों में बादलों की आवाजाही रही। दतिया में सुबह के समय दृश्यता 50 मीटर रही।
मौसम विज्ञान केंद्र, भोपाल ने 2 से 5 जनवरी तक प्रदेश के उत्तरी जिलों में घने कोहरे, शीतलहर जैसी स्थिति बनी रहने की संभावना जताई है। इसके अलावा 3 से 5 जनवरी के बीच ग्वालियर-चंबल संभाग और विंध्य क्षेत्र के कई जिलों में घना कोहरा छा सकता है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आएगी।
इन जिलों में कोहरे का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र, भोपाल द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, 3 से 5 जनवरी के बीच घने कोहरे का सबसे ज्यादा असर ग्वालियर-चंबल के ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ जिलों में देखने को मिलेगा। विंध्य के छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली में भी असर रहेगा। इन क्षेत्रों में सुबह और रात के समय दृश्यता कम रहने की आशंका है, जिसके चलते सड़क और रेल यातायात भी प्रभावित हो सकता है। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान गिरने से ठंड का असर और बढ़ सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ व जेट स्ट्रीम का असर
मौसम विज्ञान केंद्र, भोपाल के मुताबिक, वर्तमान में अलग-अलग स्थानों पर कई मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। एक पश्चिमी विक्षोभ, ऊपरी हवा के चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में उत्तर पाकिस्तान एवं संलग्न पंजाब क्षेत्र पर माध्य समुद्र तल से 3.1 किमी की ऊंचाई पर अवस्थित है। इसके साथ मध्य एवं ऊपरी क्षोभमंडलीय स्तरों में एक ट्रफ माध्य समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊंचाई पर स्थित है। इसके अलावा एक ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण, पंजाब एवं निकटवर्ती क्षेत्रों के ऊपर माध्य समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है। उत्तर भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊंचाई पर पश्चिमी जेट स्ट्रीम प्रभावी है। इसकी गति लगभग 222 किमी / घंटा है।
नए साल के पहले दिन कई जिलों में छाया रहा घना कोहरा
- गुरुवार को पचमढ़ी में रात का तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस तक रहा।
- शहडोल के कल्याणपुर में तापमान 6.4 डिग्री दर्ज किया गया।
- अधिकतम तापमान खंडवा में 30 डिग्री और मंडला 29 डिग्री सेल्सियस रहा।
- श्योपुर, मुरैना, ग्वालियर, भिंड और दतिया में दिनभर बादल छाए रहे।
- ग्वालियर में 500-1000 मीटर और खजुराहो में 50 से 200 मीटर तक रिकॉर्ड की गई।
- खजुराहो, सतना, रीवा, सीधी, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, राजगढ़, रतलाम, नर्मदापुरम, खरगोन, दमोह और गुना में कोहरा छाया रहा।
- शिवपुरी, खजुराहो, राजगढ़, उमरिया, मंडला, टीकमगढ़, नरसिंहपुर, रायसेन, छिंदवाड़ा और इंदौर जैसे जिलों में तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।
