Wed. May 20th, 2026

कहीं हीटवेव का टॉर्चर, तो कहीं आंधी और भारी बारिश की चेतावनी, दिल्ली-UP समेत इन राज्यों के लिए मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट

देशभर में मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिलेंगे। एक ओर जहां उत्तर और मध्य भारत के मैदानी इलाके भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, वहीं दूसरी तरफ मौसम विभाग ने देश के 15 राज्यों में आंधी-तूफान और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। राहत की बात यह है कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 26 मई के आस-पास केरल पहुंच सकता है, जिससे अगले 12 घंटों में कई राज्यों में तूफानी हवाओं के साथ मौसम बदल सकता है।

दिल्ली-NCR में मौसम का हाल

दिल्ली-NCR में 19 और 20 मई को भीषण गर्मी रहेगी। तापमान 45°C के पार जा सकता है। हालांकि, 21 और 22 मई को हल्की राहत मिल सकती है।

पंजाब में भीषण गर्मी का प्रकोप

पंजाब के अमृतसर, जालंधर, पटियाला और बठिंडा समेत कई जिलों में भीषण गर्मी का प्रकोप रहेगा। हालांकि, 22 मई से हल्की बारिश के कारण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश

  • उत्तर प्रदेश के मेरठ, आगरा, वाराणसी और गोरखपुर जैसे कुछ जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन बाकी हिस्सों में लू का असर रहेगा।
  • राजस्थान में गर्मी का प्रकोप बढ़ गया है। जयपुर समेत 19 जिलों में ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। अगले 3-4 दिनों में तापमान 1 से 2 डिग्री और बढ़ सकता है।
  • मध्य प्रदेश के 55 में से 31 जिले जैसे- ग्वालियर, उज्जैन, जबलपुर, सागर में लू की चेतावनी है।

बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़

  • बिहार की राजधानी पटना में तापमान 37°C रहेगा, लेकिन गया, चंपारण, भागलपुर और पूर्णिया समेत कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है।
  • झारखंड की राजधानी रांची के साथ जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो सहित कई इलाकों में तेज रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी है।
  • वहीं, छत्तीसगढ़ में 21 मई तक तापमान में 3 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को धूप से बचने और लगातार पानी पीते रहने की सलाह दी है।

पहाड़ी राज्यों में मौसम का मिजाज

  • जम्मू-कश्मीर में 19 और 20 मई को बारिश और तेज हवाएं चलेंगी। इसके बाद 21 से 25 मई तक लू चल सकती है, लेकिन हर दिन दोपहर के बाद हल्की बौछारें गिरेंगी।
  • उत्तराखंड के मैदानी इलाकों (जैसे हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर) में पारा 40°C के पार जाएगा, जबकि देहरादून और नैनीताल में तापमान 35-40°C के बीच रहेगा।
  • हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू और मनाली जैसे इलाकों में 21 मई को हल्की बारिश और आंधी की संभावना है। मनाली में न्यूनतम तापमान 3°C तक गिर सकता है।

दक्षिण, महाराष्ट्र और ओडिशा का हाल

  • केरल में मॉनसून आने से पहले भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है। कन्नूर और कासरगोड में ‘ऑरेंज अलर्ट’ और 10 जिलों में ‘येलो अलर्ट’ है।
  • तमिलनाडु के नीलगिरी, मदुरै और चेन्नई में भी भारी बारिश की संभावना है।
  • महाराष्ट्र में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। 19 से 24 मई के बीच यहां के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी।
  • वहीं, ओडिशा में गर्मी का कहर जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *