Wed. May 20th, 2026

बिहार में मिला दुर्लभ खनिजों का भंडार, जमुई में सोना मिलने के संकेत- जल्द शुरू होगी 14 ब्लॉक की नीलामी

बिहार के खान और भू-तत्व मंत्री प्रमोद कुमार ने मंगलवार को कहा कि राज्य में दुर्लभ खनिज तत्वों का भंडार मिला है और इनके व्यावसायिक खनन की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण दुर्लभ खनिजों के 14 ब्लॉक की पहचान की है, जिनकी नीलामी जल्द शुरू होने की संभावना है। प्रमोद कुमार ने कहा, ” इनमें पैलेडियम, टाइटेनियम, ग्लॉकोनाइट, कोबाल्ट और अन्य खनिज शामिल हैं।” उन्होंने बताया कि बांका जिले में कोबाल्ट मिला है और इसकी भी जल्द नीलामी की जाएगी। भागलपुर जिले के बटेश्वरस्थान क्षेत्र में दुर्लभ मृदा तत्वों (आरईई) के महत्वपूर्ण संकेत मिले हैं। इसके अलावा जिले में क्रोमाइट के भंडार की भी संभावनाएं जताई गई हैं।

17 प्राकृतिक धात्विक तत्वों का समूह है आरईई

उल्लेखनीय है कि आरईई 17 प्राकृतिक धात्विक तत्वों का समूह है। इनका इस्तेमाल मुख्य रूप से मिसाइल, रडार, लड़ाकू विमान, ड्रोन और सैन्य संचार उपकरणों, इलेक्ट्रिक वाहन, स्मार्टफोन, लैपटॉप, टीवी स्क्रीन, स्पीकर, कैमरा लेंस और हार्ड डिस्क में होता है। ये तत्व पृथ्वी की सतह पर पर्याप्त मात्रा में मौजूद हैं लेकिन इनके आर्थिक रूप से उपयोगी सघन भंडार अपेक्षाकृत कम मिलते हैं। इन तत्वों में लैंथेनम, सेरियम, प्रसीओडाइमियम, नियोडाइमियम, प्रोमेथियम, समेरियम, यूरोपियम, गैडोलिनियम, टर्बियम, डिस्प्रोसियम, होल्मियम, एर्बियम, थुलियम, यिटरबियम, ल्यूटेशियम, स्कैंडियम और यिट्रियम शामिल हैं।

20 मई के बाद शुरू होगी नीलामी प्रक्रिया

केंद्र सरकार नवादा जिले में वैनाडियम युक्त मैग्नेटाइट और इल्मेनाइट के एक खनन ब्लॉक तथा रोहतास जिले में ग्लॉकोनाइट के तीन ब्लॉकों की नीलामी करने जा रही है। सार्वजनिक क्षेत्र की इकाई मेटल स्क्रैप ट्रेड कॉरपोरेशन (एमएसटीसी) ने इनके लिए खनन बोलियां आमंत्रित की हैं और 20 मई के बाद नीलामी प्रक्रिया शुरू होगी। मंत्री ने बताया कि राज्य के कई हिस्सों, विशेषकर झारखंड से सटे दक्षिणी बिहार क्षेत्रों में व्यापक खनिज अन्वेषण गतिविधियां चल रही हैं। इसके तहत हवाई सर्वेक्षण, उपग्रह चित्रण, पुराने आंकड़ों के विश्लेषण और जमीनी अध्ययन किए जा रहे हैं।

जमुई जिले में सोने के भंडार होने के संकेत

राज्य के खान और भू-तत्व मंत्री प्रमोद कुमार ने कहा, ”जमुई जिले के सोनो क्षेत्र में सोने के भंडार होने के संकेत मिले हैं। वहां सर्वेक्षण जारी है और रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है।” कुमार ने बताया कि बांका जिले के पिंडारक क्षेत्र में तांबे के भंडार मिले हैं और इसके खनन की व्यवहार्यता का आकलन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *