Fri. Jun 12th, 2026

जॉर्जिया से भारत लाया गया कुख्यात गैंगस्टरवेंकटेश, हरियाणा STF को मिली बड़ी सफलता

हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। दरअसल लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात गैंगस्टर वेंकट गर्ग उर्फ वेंकटेश को जॉर्जिया से डिपोर्ट कर भारत लाया गया है। जानकारी दे दें कि वेंकटेश पर हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और रंगदारी जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ था और विदेश में छिपकर भारत में आपराधिक गतिविधियों को संचालित कर रहा था। उसकी गिरफ्तारी को हरियाणा पुलिस की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

दरअसल हरियाणा STF के अनुसार वेंकटेश मूल रूप से नारायणगढ़ क्षेत्र का रहने वाला है और अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर समेत कई जिलों में उसके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। बताया गया है कि वह 2024 में कथित तौर पर फर्जी पासपोर्ट के जरिए देश छोड़कर दुबई पहुंचा था। वहां से वह अलग-अलग देशों में घूमता रहा और आखिर में जॉर्जिया में छिप गया। इस दौरान भारतीय एजेंसियां लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थीं। विदेशी एजेंसियों के सहयोग से उसे पकड़कर भारत लाने की प्रक्रिया पूरी की गई।

हरियाणा STF की बड़ी कार्रवाई

वहीं हरियाणा STF के आईजी सतीश बालन ने जानकारी देते हुए बताया कि वेंकटेश को भारत वापस लाने में करीब एक साल का समय लगा। इस दौरान कई देशों की एजेंसियों और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय किया गया। पुलिस के अनुसार यह मामला केवल एक अपराधी की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं था, बल्कि विदेश में बैठकर संचालित हो रहे अपराध के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।

कई पुराने मामलों से पर्दा उठ सकता है

जांच में सामने आया है कि वेंकटेश विदेश में रहने के बावजूद भारत में अपने सहयोगियों के संपर्क में था। वह कथित तौर पर रंगदारी मांगने, धमकी देने और गैंग के संचालन से जुड़े निर्देश देता था। पुलिस का दावा है कि रंगदारी नहीं देने वाले कुछ लोगों पर हमले करवाने में भी उसका नाम सामने आया है। ऐसे मामलों की जांच पहले से चल रही है। STF का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी से कई पुराने मामलों की कड़ियां जुड़ सकती हैं और गैंग के अन्य सदस्यों तक पहुंचने में मदद मिलेगी। यही वजह है कि एजेंसी अब उससे गहन पूछताछ की तैयारी कर रही है।

पुलिस की ओर से चलाया जा रहा लगातार अभियान

दरअसल पिछले कुछ वर्षों में देशभर में सक्रिय गैंगस्टर नेटवर्क पर कार्रवाई तेज हुई है। हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और दिल्ली समेत कई राज्यों की पुलिस संगठित अपराध से जुड़े लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। वेंकटेश का नाम भी उन अपराधियों में शामिल रहा है, जिन पर लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की नजर थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वेंकटेश को अदालत में पेश कर रिमांड लेने की तैयारी की जा रही है। पूछताछ के दौरान उसके विदेश में रहने के दौरान बने संपर्क, फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल, आर्थिक लेनदेन और गैंग के नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *