आज 31 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, जून में अबतक 22.7 मिमी बारिश ही हुई, मानसून की दस्तक जल्द
अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय मौसम प्रणालियों के चलते मंगलवार को 31 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। फिलहाल 2-3 दिन बादल-बारिश की स्थिति बनी रहेगी लेकिन 18 जून को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है जिसके बाद बारिश की गतिविधियों में थोड़ी कम आ सकती है।
20-22 जून के बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून के दक्षिण-पूर्वी हिस्से (बालाघाट, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा ) से प्रदेश में दस्तक देने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 55 में से 35 जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है। प्री मानसून के दौरान 15 जून तक 22.7 मिमी बारिश हुई है जबकी 31.9 मिमी होना थी यानि औसत से 29 प्रतिशत कम बारिश हुई है। पूर्वी मध्य प्रदेश में सामान्य से 51 प्रतिशत कम और पश्चिमी हिस्से में 12 प्रतिशत कम पानी गिरा है।
, m
सोमवार (15 जून 2026) को भोपाल और सागर में आधा इंच से ज्यादा बारिश हुई। सीहोर, छिंदवाड़ा, रायसेन, राजगढ़ में पानी गिरा। खजुराहो में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री दर्ज किया गया। नौगांव, दतिया, दमोह और सतना में भी तापमान 40 डिग्री या इससे ज्यादा रहा। भोपाल में 34.5 डिग्री, इंदौर में 37.1 डिग्री, उज्जैन में 38 डिग्री, जबलपुर में 38.7 डिग्री और ग्वालियर में 39.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम केंद्र, भोपाल के मुताबिक की दैनिक रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून 15 जून 2026 को आंध्र प्रदेश के शेष भागों, पश्चिम बंगाल एवं पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के शेष भागों तथा तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड एवं बिहार के कुछ और क्षेत्रों में आगे बढ़ गया है। अगले 4-5 दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के मध्य अरब सागर के कुछ और भागों, महाराष्ट्र, कर्नाटक के शेष भागों, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड एवं बिहार के शेष भागों तथा छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल हैं, ऐसे में 18 से 22 जून के बीच प्रदेश में मानसून की दस्तक होने की संभावना जताई जा रही है। सामान्य तौर पर मध्य प्रदेश में मानसून 15 जून के आसपास प्रवेश करता है। पिछले वर्ष मानसून एक दिन की देरी से 16 जून 2025 को पहुंचा था।
मंगलवार को इन जिलों में बारिश/ तेज हवा का अलर्ट
भोपाल, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, देवास, सीहोर, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, बैतूल, नर्मदापुरम, रायसेन, सागर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में बारिश व आंधी का असर रहेगा।इंदौर, उज्जैन, शाजापुर, आगर-मालवा, राजगढ़, नीमच, मंदसौर, रतलाम, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, खरगोन, बड़वानी, जबलपुर, कटनी, उमरिया, शहडोल, रीवा, सतना, सीधी और सिंगरौली में गर्मी का तेज असर रह सकता है।
