Tue. Jun 23rd, 2026

मोहन कैबिनेट बैठक आज, इन अहम प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मंगलवार (23 जून 2026) को मंत्रालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में अहम कैबिनेट बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में प्रदेश के विकास, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, निवेश, सिंहस्थ और किसानों से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

कैबिनेट बैठक में मुख्य रूप से 2028 में होने वाले सिंहस्थ के लिए उज्जैन में मेला कार्यालय और और प्रशासनिक ढांचे के गठन संबंधी प्रस्ताव पर चर्चा हो सकती है। साथ ही किसानों के हित में भी बड़ा फैसला हो सकता है। बिना ब्याज के अल्पावधि कृषि ऋण जारी रखने और खरीफ सीजन का ऋण चुकाने के लिए अतिरिक्त समय का प्रस्ताव लाया जा सकता है।

इसके अलावा बैठक में नगरीय विकास एवं आवास विभाग के मध्य प्रदेश अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विधेयक-2026 को अंतिम स्वीकृति दी जा सकती है। बारिश, बाढ़ और अतिवृष्टि से निपटने की तैयारियों, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की व्यवस्थाओं तथा किसानों के लिए खाद-बीज की उपलब्धता पर भी  चर्चा की जा सकती है।  बैठक के बाद कई महत्वपूर्ण फैसलों की घोषणा की जा सकती है।

बैठक में यूसीसी को लागू करने और  जुलाई में शुरू होने वाले विधानसभा के मानसून पर चर्चा हो सकती है। बता दें कि सोमवार को समान नागरिक संहिता के अध्ययन एवं परीक्षण के लिए गठित उच्च स्तरीय समिति के सदस्यों ने प्रशासन अकादमी में राज्य स्तरीय बैठक में सभी वर्गों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की और राय जानी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मंगलवार के कार्यक्रम

  • मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव सुबह 9:30 बजे भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों और संगठन से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
  • सुबह 10:40 बजे मंत्रालय पहुंचेंगे और 10:45 बजे मंत्रालय में कैबिनेट ब्रीफिंग करेंगे।
  • 11 बजे मंत्रालय में कैबिनेट बैठक लेंगे।
  • दोपहर एक बजे मंत्रालय में मुलाकात कार्यक्रम करेंगे।
  • 2:45 बजे तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार विभाग की समीक्षा बैठक करेंगे।
  • रोजगार और स्किल डेवलपमेंट योजनाओं की प्रगति पर समीक्षा करेंगे।
  • शाम चार बजे राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान (NID) भोपाल पहुंचेंगे और आदिरंग शिल्पकार महोत्सव-2026 में शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed