Mon. Jul 13th, 2026

सस्ता हुआ सोना, चांदी में भी बड़ी गिरावट, जानिए 13 जुलाई का लेटेस्ट रेट

अमेरिका और ईरान के बीच पनपे तनाव के चलते एक बार फिर वैश्विक बाजारों में उथल-पुथल मच गई है। एक तरफ जहां कच्चे तेल की कीमतों में उछाल देखने को मिला है, वहीं दूसरी तरफ डॉलर इंडेक्स की मजबूती के कारण भारतीय बाजारों में सोने और चांदी के भाव नीचे आ गए हैं। भारतीय सर्राफा बाजार और एमसीएक्स (MCX) पर 13 जुलाई 2026 को 24 कैरेट शुद्ध सोने का भाव 1,42,280 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया।

सोमवार को गहने बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले 22 कैरेट सोने की कीमत गिरकर 1,30,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई है। 18 कैरेट सोने का भाव घटकर 1,07,852 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास दर्ज किया गया है। चांदी भी 5000 रुपए गिरावट के साथ 2,17,448 प्रति किलोग्राम के करीब कारोबार कर रही है। इन भावों में जीएसटी (GST), टीसीएस (TCS) और स्थानीय मेकिंग चार्जेस शामिल नहीं हैं।

अमेरिका-ईरान तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेजी देखने को मिली है और वैश्विक बाजारों में महंगाई बढ़ने की चिंता फिर से खड़ी हो गई है।  ब्रेंट क्रूड ऑयल बढ़कर $79 प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है, जबकि अमेरिकी डब्ल्यूटीआई (WTI) क्रूड लगभग $74 प्रति बैरल के पार निकल गया है।। इस भू-राजनीतिक तनाव के चलते निवेशकों ने सुरक्षित निवेश के रूप में अमेरिकी डॉलर का रुख किया है, जिससे डॉलर इंडेक्स बढ़कर 101.22 के स्तर पर पहुंच गया है।

​अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 4,077 डॉलर प्रति औंस और चांदी 58 डॉलर प्रति औंस पर आ गई । डॉलर इंडेक्स की मजबूती से भारतीय मुद्रा पर भारी दबाव देखा जा रहा है। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया कमजोर होकर 95.93 के रिकॉर्ड निचले स्तरों की तरफ फिसल गया है।

बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डॉलर इंडेक्स में मजबूती और फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर आने वाले संकेतों के चलते सर्राफा बाजार पर दबाव बढ़ा है। चुंकी जब ब्याज दरें बढ़ती हैं, तो बिना ब्याज देने वाली संपत्ति होने के कारण सोने-चांदी के प्रति निवेशकों का आकर्षण कम हो जाता है। स्थानीय स्तर पर शादी-ब्याह का सीजन न होने के कारण घरेलू मांग में नरमी देखी जा रही है, जिससे कीमतों में ज्यादा उछाल देखने को नहीं मिल रहा है। कच्चे तेल की अस्थिरता और अमेरिकी महंगाई के आगामी आंकड़ों के कारण सराफा बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रहने की उम्मीद है। फिलहाल निवेशकों की निगाहें अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों और फेडरल रिजर्व के चेयरमैन के बयानों पर टिकी हैं, जो  ब्याज दरों की दिशा तय करेंगे, जिसका असर कीमती धातुओं पर भी देखने को मिलेगा।

यह लेख केवल जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है इसे निवेश की सलाह ना मानें। हम किसी भी कंटेंट की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी या ज़िम्मेदारी नहीं लेते हैं। बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है। किसी भी प्रकार के निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार या बाजार विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य लें। ध्यान रहे सोना खरीदते समय हमेशा BIS हॉलमार्क और HUID कोड जरूर जांचें। 24 कैरेट सोने के आभूषण पर 999, 23 कैरेट पर 958, 22 कैरेट पर 916, 21 कैरेट पर 875 और 18 कैरेट पर 750 लिखा होता है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed