Wed. Sep 23rd, 2026

सागर जहरीली शराब कांड का मुख्य आरोपी मनीष लोधी पुलिस मुठभेड़ में घायल, पैर में लगी गोली; साथी भी पकड़ा गया

सागर। सागर के जहरीली शराब मामले के मुख्य आरोपी और 30 हजार रुपये के इनामी मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी के दौरान मनीष और उसके साथी आशीष साहू ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में मनीष के पैर में गोली लगी, जबकि भागने की कोशिश में आशीष भी घायल हो गया।

मुठभेड़ 23 सितंबर को तड़के करीब 3 बजे मालथौन थाना क्षेत्र के नोनिया-सेसई रोड घाटी पर हुई। पुलिस बड़ा और विनायका थाना क्षेत्र के जहरीली शराब मामले में मनीष की तलाश कर रही थी। उस पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस का दावा- आरोपियों ने पहले की फायरिंग

पुलिस के अनुसार मनीष लोधी और आशीष साहू का सामना गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम से हुआ। दोनों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इसमें मनीष के पैर में गोली लगी। वहीं आशीष ने गिरफ्तारी से बचकर भागने की कोशिश की, लेकिन वह भी घायल हो गया।दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मौके से दो देशी कट्टे, पांच राउंड कारतूस और एक बेसबॉल का डंडा बरामद करने की बात कही है।घटनास्थल से हथियार और दूसरे सबूत जुटाए जा रहे हैं। दोनों आरोपियों का मेडिकल परीक्षण भी कराया जा रहा है। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed