Thu. Nov 26th, 2026

भोपाल सीएम यूथ कॉन्क्लेव में 13 हजार छात्रों को लाने का निर्देश, जीतू पटवारी ने MP सरकार से किए सवाल

आज भोपाल में सीएम यूथ कॉन्क्लेव का आयोजन हो रहा है। यहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव युवाओं से संवाद करेंगे। इस आयोजन से पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार कब समझेगी कि युवाओं को बसों में भरकर सरकारी कार्यक्रम में लाने से प्रदेश का भविष्य नहीं बदलेगा।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भोपाल और आसपास के जिलों के निजी विश्वविद्यालयों से लगभग 13 हजार विद्यार्थियों को कार्यक्रम में लाने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि युवाओं को सरकारी कार्यक्रम में बुलाने की बजाय सरकार को उनके रोजगार, शिक्षा और भर्ती से जुड़े मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।

उच्च शिक्षा आयुक्त ने जारी किया पत्र

दरअसल, उच्च शिक्षा आयुक्त कार्यालय की ओर से 30 सितंबर को मध्यप्रदेश निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के सचिव को पत्र जारी किया गया है। इस पत्र में भोपाल और आसपास के जिलों के निजी विश्वविद्यालयों से लगभग 13 हजार विद्यार्थियों की सीएम यूथ कॉन्क्लेव में सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

पत्र के अनुसार, एक बस में 50 विद्यार्थियों को ले जाया जाएगा। छात्र-छात्राओं वाली बस में एक महिला और एक पुरुष प्राध्यापक को बस प्रभारी बनाया जाएगा। हर बस के आगे सीएम यूथ कॉन्क्लेव, विश्वविद्यालय का नाम और बस क्रमांक वाला फ्लेक्स लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं। विद्यार्थियों के लिए विश्वविद्यालय की ओर से बस रवाना होने से पहले नाश्ता और पानी उपलब्ध कराया जाएगा। बस में कूड़ेदान रखने और विद्यार्थियों को खाली बोतल व अन्य कचरा उसमें डालने के लिए निर्देशित करने को भी कहा गया है। कार्यक्रम के बाद सभी विद्यार्थियों के सुरक्षित घर पहुंचने की जानकारी भी संबंधित अधिकारियों को देने के निर्देश हैं। खास बात यह है कि पत्र में बस, नाश्ता और पानी समेत इस पूरी व्यवस्था पर होने वाला खर्च संबंधित विश्वविद्यालयों की संचित निधि से वहन करने की बात कही गई है।

रोजगार और भर्ती को लेकर कांग्रेस ने सरकार से किए सवाल

जीतू पटवारी ने इसे लेकर प्रदेश सरकार से सवाल किए है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के युवाओं को कॉन्क्लेव चाहिए या करियर, सरकारी कार्यक्रमों के फोटो चाहिए या रोजगार और भाषण चाहिए या बेहतर शिक्षा। उन्होंने कहा कि सरकार को शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, रोजगार देने, भर्ती परीक्षाएं समय पर कराने और खाली पदों को भरने को प्राथमिकता बनाना चाहिए। कांग्रेस नेता ने कहा कि मध्यप्रदेश का युवा सिर्फ तालियां बजाने के लिए नहीं, बल्कि अपना भविष्य बेहतर बनाने के लिए पढ़ रहा है। उन्होंने सरकार से युवाओं की शिक्षा, रोजगार और करियर से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से काम करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed